IND vs SL Test Weather: गॉल में फिर बारिश बनेगी टीम इंडिया के लिए रोड़ा? ऐसा रहेगा तीसरे दिन का मौसम

गॉल टेस्ट मैच के दूसरे दिन जमकर बारिश हुईImage Credit source: PTI

भारत और श्रीलंका के बीच गॉल टेस्ट मैच में वही देखने को मिला है, जिसकी उम्मीद थी. इस टेस्ट मैच के शुरू होने से पहले ही ये अनुमान लगाया गया था कि बारिश कई बार रुकावट पैदा कर सकती है, जिससे खिलाड़ियों और फैंस को निराशा का सामना करना पड़ सकता है. 15 अगस्त से शुरू हुए इस मैच के पहले दिन तो ऐसा कम ही हुआ लेकिन दूसरे दिन जमकर बारिश हुई, जिसके चलते ज्यादा खेल नहीं हो सका. ऐसे में ये सवाल उठ रहा है कि क्या तीसरे दिन भी यही हालत रहेगी? तो आपको बता दें कि कहानी तीसरे दिन भी नहीं बदलने वाली.

दक्षिणी श्रीलंका के शहर गॉल में इन दिनों मौसम मेहरबान है और बारिश देखने को मिल रही है. मगर मौसम की ये मेहरबानी क्रिकेट के लिए अच्छी नहीं है. भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज के इस पहले मैच में ही बारिश की दखल के कारण काफी खेल बर्बाद हो चुका है. मैच के पहले दिन 90 के बजाए सिर्फ 73 ओवर का खेल हुआ, जबकि दूसरे दिन तो सिर्फ 43 ओवर किए जा सके, जिसके चलते उतना एक्शन नहीं दिखा, जितना दिखना चाहिए था.

तीसरे दिन भी नहीं बारिश से राहत

दुर्भाग्य से तीसरे दिन भी मौसम की ये अठखेलियां जारी रहने का अनुमान है और बारिश फिर गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को अपनी चपेट में ले सकती है. मौसम विभाग का अनुमान बताता है कि सोमवार 17 अगस्त की सुबह 9 बजे से ही बारिश का अनुमान है. ये अनुमान करीब 10 बजे के बाद तक के लिए बना हुआ है और 50 फीसदी से ज्यादा का है. हालांकि 11 बजे के बाद बारिश की आशंका थोड़ी कम है लेकिन ये राहत ज्यादा देर के लिए नहीं है क्योंकि फिर 2 बजे से बारिश का अनुमान बढ़ जाता है जो फिर करीब 4 बजे तक जारी रह सकता है. ऐसे में तीसरे दिन भी अगर कम ही ओवर होते हैं तो हैरानी नहीं होनी चाहिए.

अब तक ऐसा रहा मैच का हाल

अभी तक के खेल की बात करें तो बारिश का असर देखने को मिला है. टीम इंडिया ने इस मैच में पहले बैटिंग की और 2 दिन के खेल के बाद भी वो ऑल आउट नहीं हुई है जबकि रन 460 ही बने हैं और 9 विकेट गिर चुके हैं. साथ ही सिर्फ 116 ओवर का खेल हो सका है. दूसरे दिन टीम इंडिया ने 172 रन बनाए और 7 विकेट गंवाए. तीसरे दिन कुलदीप यादव और प्रसिद्ध कृष्णा के रूप में आखिरी जोड़ी पारी को आगे बढ़ाने उतरेगी.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button