IND vs WI 4th T20I: हैदराबाद में खेले जा रहे चौथे टी20 मुकाबले में शाई होप ने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का तीसरा शतक जड़ दिया है. उन्होंने 50 गेंदों में 102 रन की तूफानी पारी खेली, जिसके दम पर वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 247 रन बनाए. अब भारतीय टीम को जीत के लिए 248 रन बनाने होंगे.
शाई होप ने 50 गेंदों में जड़ा शतक
राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत आक्रामक रही. शाई होप ने शुरुआत से ही भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाया. उन्होंने 50 गेंदों में 102 रन की पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 9 छक्के शामिल रहे. होप ने पारी की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर अपना शतक पूरा किया.
होप का यह शतक भारत दौरे पर उनके शानदार प्रदर्शन की एक और कड़ी है. इससे पहले भी वह सीरीज में शतकीय पारी खेल चुके हैं. उनकी बल्लेबाजी ने वेस्टइंडीज को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.
आखिरी ओवर में तिलक वर्मा से छूटा कैच
शाई होप को पारी के अंतिम ओवर में जीवनदान भी मिला. नितीश कुमार रेड्डी की गेंद पर लॉन्ग ऑन पर तैनात तिलक वर्मा कैच पकड़ने में नाकाम रहे. गेंद उनके हाथों से निकलकर बाउंड्री के पार चली गई. इस समय होप को शतक पूरा करने के लिए 10 रन की जरूरत थी और दो गेंदें बाकी थीं.
जीवनदान मिलने के बाद होप ने लगातार दो छक्के लगाकर अपना शतक पूरा किया. इस तरह उन्होंने पारी का अंत शानदार अंदाज में किया और भारतीय टीम को बड़ा लक्ष्य दिया.
विदेशी जमीन पर कप्तान के तौर पर लगातार बड़ी पारियां
होप ने 11वें ओवर में मयंक यादव की गेंद को सीधे मैदान के बाहर भेजकर अपना अर्धशतक पूरा किया. इसके साथ ही उन्होंने विदेशी जमीन पर द्विपक्षीय टी20 सीरीज में कप्तान के तौर पर तीन 50+ स्कोर बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.
इससे पहले विराट कोहली ने 2021 में इंग्लैंड, सूर्यकुमार यादव ने 2026 में न्यूजीलैंड और साहिबजादा फरहान ने 2026 में श्रीलंका के खिलाफ घरेलू मैदान पर कप्तान के तौर पर एक सीरीज में तीन बार 50 से ज्यादा रन बनाए थे.
ये भी पढ़ें: Richest Cricket Board: आखिर कौन है दुनिया का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड? देखें टॉप-10 की पूरी लिस्ट
वेस्टइंडीज के लिए सबसे ज्यादा टी20I शतक
इस शतक के साथ होप वेस्टइंडीज के लिए तीन टी20 इंटरनेशनल शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए. उन्होंने क्रिस गेल और एविन लुईस को पीछे छोड़ा, जिनके नाम दो-दो टी20I शतक थे.
इतना ही नहीं, होप एक ही टी20I सीरीज में दो शतक लगाने वाले पहले वेस्टइंडीज बल्लेबाज भी बन गए हैं. भारत के खिलाफ भी ऐसा करने वाले वह पहले बल्लेबाज हैं.
कप्तान के तौर पर भारत के खिलाफ एक से ज्यादा टी20I शतक लगाने वाले होप दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं. वह टी20 इंटरनेशनल में तीन शतक लगाने वाले चौथे कप्तान भी हैं. उनसे पहले बाबर आजम, रोहित शर्मा और आदिल बट यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं.
छक्कों और रनों में भी बनाया नया रिकॉर्ड
होप की 102 रन की पारी में 9 छक्के आए. इसके साथ ही वह भारत के खिलाफ एक टी20I सीरीज में 20 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए. इससे पहले यह रिकॉर्ड हैरी ब्रूक के नाम था, जिन्होंने 15 छक्के लगाए थे.
रदरफोर्ड ने भी खेली तेज पारी
दूसरे छोर पर शेरफेन रदरफोर्ड ने भी भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी की. वह 26 गेंदों में 49 रन बनाकर नाबाद लौटे. उनकी पारी में 4 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. होप और रदरफोर्ड के बीच 43 गेंदों में 91 रन की नाबाद साझेदारी हुई, जिसने वेस्टइंडीज को 247 रन तक पहुंचा दिया.
भारत की ओर से प्रिंस यादव ने सबसे किफायती गेंदबाजी की. उन्होंने 4 ओवर में 36 रन देकर एक विकेट हासिल किया. वहीं, नितीश कुमार रेड्डी ने 3 ओवर में 39 रन खर्च किए.
अब भारतीय बल्लेबाजों के सामने 248 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य है. टीम इंडिया को जीत दर्ज करने के लिए शुरुआत से ही तेज रन बनाने होंगे और विकेट भी संभालकर रखने होंगे.
ये भी पढ़ें: विराट कोहली ने 37 की उम्र में किया LinkedIn पर डेब्यू, महज 10 घंटे के अंदर ही 100K लोगों ने किया फॉलो