भारत ने पहले T20I में जिम्बाब्वे को 7 विकेट से हराया। 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने 19 गेंदों में फिफ्टी जड़कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। भारत ने 126 रन का लक्ष्य 13.1 ओवर में हासिल किया। श्रेयस अय्यर की यह पहली कप्तानी जीत रही।
15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तूफानी अर्धशतक जड़कर T20I क्रिकेट में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया और भारत की 7 विकेट की जीत में अहम भूमिका निभाई।
- Published: 23 Jul 2026, 07:03 PM IST
- Last Updated: 23 Jul 2026, 08:19 PM IST
ND vs ZIM 1st T20I Highlights: भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज की शुरुआत जीत के साथ की है। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए पहले टी20 इंटरनेशनल में भारत ने जिम्बाब्वे को 7 विकेट से हरा दिया। जीत के हीरो 15 साल के वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने तूफानी अर्धशतक जड़ते हुए वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। इस जीत के साथ श्रेयस अय्यर का बतौर भारतीय टी20 कप्तान पहली जीत का इंतजार भी खत्म हो गया।
जिम्बाब्वे को 125 रन पर रोका
टॉस जीतकर भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा और मेजबान टीम को 20 ओवर में 7 विकेट पर 125 रन पर रोक दिया।
— BCCI (@BCCI) July 23, 2026
भारत के लिए मयंक यादव ने 18 रन देकर दो विकेट झटके, जबकि प्रिंस यादव ने 19 रन देकर दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। रवि बिश्नोई और शिवम दुबे को एक-एक विकेट मिला। जिम्बाब्वे की ओर से वेस्ली मधेवेरे ने सर्वाधिक 39 रन बनाए। रयान बर्ल ने 26 रन का योगदान दिया, जबकि तदिवनाशे मारुमनि 27 रन बनाकर नाबाद रहे।
वैभव सूर्यवंशी की तूफानी फिफ्टी
126 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को शुरुआत में ही अभिषेक शर्मा के रूप में झटका लगा। अभिषेक सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों पर ताबड़तोड़ हमला बोला।
वैभव ने महज 19 गेंदों में 50 रन बनाए। उनकी पारी में 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने भारत के लिए लक्ष्य बेहद आसान बना दिया। ईशान किशन ने भी 35 रन की अहम पारी खेली। कप्तान श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा नाबाद रहे। भारत ने 13.1 ओवर में 3 विकेट गंवाकर 126 रन बनाते हुए मुकाबला 7 विकेट से अपने नाम कर लिया।
15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
— BCCI (@BCCI) July 23, 2026
वैभव सूर्यवंशी ने इस अर्धशतक के साथ टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में इतिहास रच दिया। 15 साल के वैभव T20I में अर्धशतक लगाने वाले दुनिया के सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बन गए। उन्होंने जिब्राल्टर के लुई ब्रूस का रिकॉर्ड तोड़ा। ब्रूस ने 16 साल 56 दिन की उम्र में टी20 इंटरनेशनल अर्धशतक लगाया था। वैभव ने उनसे भी कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल कर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
वैभव के इंटरनेशनल करियर की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं हुई थी। शुरुआती मुकाबलों में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहने के बाद उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ अपनी प्रतिभा की झलक दिखाई। इस पारी में उनका आक्रामक अंदाज भारत की जीत की सबसे बड़ी वजहों में से एक रहा।
श्रेयस अय्यर का जीत का इंतजार खत्म
यह मुकाबला कप्तान श्रेयस अय्यर के लिए भी बेहद खास रहा। भारतीय टी20 टीम की कप्तानी संभालने के बाद अय्यर को लगातार छह मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था, जबकि एक मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था।
ऐसे में जिम्बाब्वे के खिलाफ मिली 7 विकेट की जीत श्रेयस अय्यर की बतौर भारतीय टी20 कप्तान पहली जीत है। इस जीत से भारत ने तीन मैचों की सीरीज में बढ़त बनाने के साथ पिछले खराब नतीजों के सिलसिले को भी तोड़ दिया।
— BCCI (@BCCI) July 23, 2026
अशोक शर्मा ने किया इंटरनेशनल डेब्यू
इस मुकाबले में तेज गेंदबाज अशोक शर्मा ने भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया। घरेलू क्रिकेट और IPL में अपने प्रदर्शन से प्रभावित करने वाले राजस्थान के इस तेज गेंदबाज को आखिरकार टीम इंडिया की प्लेइंग XI में मौका मिला।
श्रेयस अय्यर ने जीता था टॉस
इससे पहले भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। हरारे की पिच से तेज गेंदबाजों को मिलने वाली मदद को देखते हुए भारत ने लक्ष्य का पीछा करने का विकल्प चुना। जिम्बाब्वे की कमान अनुभवी ऑलराउंडर सिकंदर रजा के हाथों में है। मेजबान टीम घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर भारत को सीरीज के पहले ही मैच में चुनौती देने की कोशिश कर रही है।