
एशियन गेम्स 2026 में भारत का पहला गोल्ड क्रिकेट में आएगा?Image Credit source: PTI
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय अभियान की शुरुआत ठीक-ठाक रही है. कई टीम इवेंट्स में भारत को शुरुआती मुकाबलों में सफलता मिली है और टीम आगे बढ़ रही है. वहीं कुछ इंडिविजुअल इवेंट्स में नाकामी भी हाथ लगी है. मगर इन सबके बीच मेडल टैली में खाता भी खुल चुका है और अब तक 6 पदक भारत के खाते में आ चुके हैं. मगर इनमें से किसी का भी रंग सुनहरा नहीं है. सोने के तमगे का ये इंतजार मंगलवार 22 सितंबर की सुबह खत्म हो सकता है, जब भारतीय महिला क्रिकेट टीम फाइनल में उतरेगी.
आइची-नागोया में चल रहे 20वें एशियन गेम्स के तीसरे दिन महिला टी20 क्रिकेट का फाइनल खेला जाएगा. इस खिताबी मुकाबले में भारत और श्रीलंका आमने-सामने हैं और गोल्ड मेडल के लिए टकराएंगे. भारत ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश को हराया, जबकि श्रीलंका ने पाकिस्तान को शिकस्त दी. इस तरह पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच फाइनल से पहले ब्रॉन्ज मेडल के लिए मैच होगा.
मगर असली एक्शन तो सुबह साढ़े 10 बजे (भारतीय समय) से शुरू होगा, जब हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम फाइनल में उतरेगी. उसके सामने वही श्रीलंकाई टीम होगी, जिससे ठीक 9 दिन पहले उसका सामना हुआ था. तब भी एक फाइनल था. तब भी एशिया की बादशाहत दांव पर थी. बीती 13 सितंबर को दुबई में महिला एशिया कप 2026 के फाइनल में भारत ने श्रीलंका को हराकर खिताब जीता था. अब टीम इंडिया के पास नागोया में एशियन गेम्स का गोल्ड मेडल जीतने का मौका है.
टीम इंडिया ने ही पिछली बार भी ये गोल्ड मेडल जीता था. इस तरह भारत के पास एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट का लगातार दूसरा गोल्ड मेडल जीतने का मौका है. भारतीय टीम का दारोमदार एक बार फिर टॉप ऑर्डर बैटिंग पर होगा. खास तौर पर शेफाली वर्मा से बड़ी उम्मीद रहेगी, जो जबरदस्त लय में हैं और सेमीफाइनल में शतक लगा चुकी हैं. मगर साथ ही मिडिल ऑर्डर में कप्तान हरमनप्रीत कौर और ऋचा घोष से भी रन की जरूरत पड़ेगी.
वहीं गेंदबाजी में युवा स्पिनर श्री चरणी का ये साल जबरदस्त रहा है और वो सबसे ज्यादा टी20 विकेट लेने का रिकॉर्ड पहले ही बना चुकी हैं. टी20 वर्ल्ड कप और एशिया कप के बाद एशियन गेम्स में भी उनका कमाल दिखा है, जबकि अनुभवी स्पिनर दीप्ति शर्मा भी फिर से अहम भूमिका निभाएंगी. भारतीय टीम को श्रीलंकाई कप्तान चामरी अटापट्टू से सबसे ज्यादा खतरा रहेगा, जो अकेले दम पर ही बैटिंग के साथ बॉलिंग में भी पासा पलट सकती हैं.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More