
भारतीय महिला टीम ने जिम्बाब्वे को हराया
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की नई कप्तान स्मृति मंधाना का दौर जीत के साथ शुरू हुआ लेकिन इस जीत के लिए टीम इंडिया को पापड़ बेलने पड़ गए. पहली बार जिम्बाब्वे महिला टीम के साथ बाइलेटरल सीरीज खेल रही टीम इंडिया ने टी20 सीरीज के पहले मैच में 4 विकेट से जीत दर्ज की. भारतीय टीम ने पहले गेंदबाजी करते हुए जिम्बाब्वे को तो 114 रन पर ही रोक दिया लेकिन फिर खुद लक्ष्य तक पहुंचने में आफत आ गई. इस मैच में डेब्यू कर रहीं युवा बल्लेबाज निकी प्रसाद ने एक जुझारू पारी खेलते हुए भारत को उलटफेर से बचाया.
गेंदबाजों ने जिम्बाब्वे को रोका
रायपुर में शुक्रवार 16 अक्टूबर को खेले गए टी20 सीरीज के इस पहले मुकाबले के साथ मंधाना के पूर्णकालीन भारतीय कप्तान के कार्यकाल का आगाज हुआ. उन्होंने टॉस भी जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला किया. भारतीय गेंदबाजों ने उम्मीद के मुताबिक दमदार प्रदर्शन किया और जिम्बाब्वे को 20 ओवर में सिर्फ 114 रन पर रोक दिया. हालांकि, जिम्बाब्वे की शुरुआत ठीक-ठाक रही थी और टीम ने 10 ओवर में 1 विकेट खोकर 60 रन बनाए थे.
जिम्बाब्वे के लिए ओपनर केलिस एंडलोवू ने 42 और शारने मायर्स ने नाबाद 43 रन बनाए. हालांकि, भारतीय गेंदबाजों ने अगले 10 ओवरों में भी लगाए लगाए रखी. उसका ही असर था कि एक वक्त पर 30 गेंदों में ही 42 रन बना चुकी एंडलोवू ने अगली लगातार 14 गेंदों पर कोई रन नहीं बनाया. भारत के लिए पेसर नंदनी शर्मा ने 2, जबकि क्रांति गौड़, अरुणधति रेड्डी और श्री चरणी ने 1-1 विकेट लिया.
19 रन पर 4 आउट, फिर ऐस बची टीम इंडिया
जब भारत की बल्लेबाजी आई तो लग रहा था कि टीम इंडिया 10-12 ओवर के अंदर ही लक्ष्य हासिल कर लेगी लेकिन सिर्फ 19 गेंदों के अंदर जो हुआ, उसने होश उड़ा दिए. पेसर नयाशा ग्वानजुरा ने ऐसा कहर बरपाया कि सिर्फ 19 रन तक भारत के 4 विकेट गिर गए. इसमें कप्तान मंधाना, नई उप-कप्तान शेफाली वर्मा, पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर और अनुष्का शर्मा थे. इनमें से 3 विकेट तो इसी गेंदबाज ने लिए थे.
यहां से आशंका के बादल मंडराने लगे थे कि कहीं जिम्बाब्वे उलटफेर करते हुए इतिहास तो नहीं रचने वाली. मगर ऐसा नहीं हुआ और इसकी वजह बनी निकी प्रसाद और दीप्ति शर्मा की साझेदारी. इस मैच से अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत कर रहीं 20 साल की निकी (39 नाबाद) ने अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति (49) का साथ दिया और दोनों ने 63 गेंदों में 82 रन की साझेदारी करते हुए जीत पक्की कर ली. भारत ने आखिरकार 15.4 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया और जीत दर्ज की.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More