Time Published: Monday, August 31, 2026, 19:00 [IST]

India Post GDS Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे 10वीं पास युवाओं के लिए भारतीय डाक विभाग ने बड़ा मौका दिया है। डाक विभाग ने ग्रामीण डाक सेवक यानी GDS शेड्यूल-II (जुलाई 2026) के तहत 23,757 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इसमें ब्रांच पोस्टमास्टर (BPM), असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर (ABPM) और डाक सेवक के पद शामिल हैं। इस भर्ती की खास बात यह है कि उम्मीदवारों को चयन के लिए कोई लिखित परीक्षा या इंटरव्यू नहीं देना होगा।

चयन 10वीं कक्षा में मिले अंकों के आधार पर तैयार होने वाली मेरिट लिस्ट से किया जाएगा। ऑनलाइन वन-टाइम रजिस्ट्रेशन यानी OTR की प्रक्रिया 31 अगस्त 2026 से शुरू हो गई है। वहीं भर्ती के लिए आवेदन 2 सितंबर से 21 सितंबर 2026 शाम 5 बजे तक किए जा सकेंगे। हालांकि, सिर्फ आवेदन कर देना काफी नहीं है। दस्तावेजों में छोटी गलती होने पर भी फॉर्म या आगे की उम्मीदवारी रद्द हो सकती है।

India Post GDS Recruitment

किन डॉक्यूमेंट्स की होगी जरूरत?

इस भर्ती में जरूरी डॉक्यूमेंट्स को मुख्य रूप से दो हिस्सों में समझा जा सकता है। पहला, ऑनलाइन आवेदन करते समय जरूरी जानकारी और दस्तावेज और दूसरा, मेरिट लिस्ट में नाम आने के बाद होने वाले मूल दस्तावेज सत्यापन के समय पेश किए जाने वाले कागजात।

ये भी पढ़ें: विदेश से पढ़ाई, राजस्थान में दबदबा! कौन हैं IAS गायत्री राठौड़, जिन्हें सौंपी गई जयपुर NEET PG मामले की जांच?

फॉर्म भरते समय ये चीजें रखें तैयार
ऑनलाइन आवेदन करते समय सभी दस्तावेजों को स्कैन करके अपलोड करने की जरूरत हर जगह नहीं होगी, लेकिन फॉर्म में सही जानकारी भरने के लिए संबंधित कागजात अपने पास रखना जरूरी है।

10वीं की मार्कशीट और प्रमाण पत्र: सबसे जरूरी दस्तावेज आपकी 10वीं कक्षा की मार्कशीट और प्रमाण पत्र है। फॉर्म में नाम, पिता का नाम, माता का नाम और जन्म तिथि वही होनी चाहिए, जो 10वीं के रिकॉर्ड में दर्ज है। उम्मीदवार का 10वीं में गणित और अंग्रेजी विषय पढ़ना और पास होना जरूरी है।

स्थानीय भाषा की जानकारी: जिस राज्य या डाक सर्किल से उम्मीदवार आवेदन करेगा, वहां निर्धारित स्थानीय भाषा का ज्ञान होना चाहिए। उम्मीदवार ने यह भाषा कम से कम 10वीं कक्षा तक पढ़ी होनी चाहिए।

फोटो और हस्ताक्षर: आवेदन के लिए पासपोर्ट साइज फोटो भी तैयार रखें।

  • फोटो का फॉर्मेट: JPG/JPEG
  • फोटो का आकार: 30 KB से 100 KB
  • फोटो का आकार: 320×400 पिक्सल
  • आस्पेक्ट रेशियो: 4:5

डिजिटल हस्ताक्षर के लिए भी तय मानक हैं।

  • फॉर्मेट: JPG/JPEG
  • आकार: 20 KB से 100 KB
  • पिक्सल: 300×120

फोटो या हस्ताक्षर तय मानक के अनुसार नहीं होने पर आवेदन में परेशानी आ सकती है।

मोबाइल नंबर और ईमेल जरूरी: उम्मीदवार के पास चालू मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी होनी चाहिए। ओटीपी सत्यापन और भर्ती से जुड़ी आगे की जानकारी इन्हीं माध्यमों से मिल सकती है।

आरक्षण का लाभ लेने वालों के लिए प्रमाण पत्र: अगर उम्मीदवार SC, ST, OBC या EWS श्रेणी के तहत आरक्षण या उम्र में छूट का लाभ लेना चाहता है, तो संबंधित वर्ग का प्रमाण पत्र तैयार रखना होगा। इसी तरह दिव्यांग उम्मीदवारों को, अगर लागू हो, तो दिव्यांगता प्रमाण पत्र की जरूरत होगी।

मेरिट में नाम आया तो कौन से ओरिजिनल डॉक्यूमेंट्स चाहिए?

अगर उम्मीदवार का नाम मेरिट लिस्ट में आता है, तो उसे संबंधित डिवीजनल हेड के सामने मूल दस्तावेज और उनकी स्व-सत्यापित फोटोकॉपी पेश करनी होगी।

इनमें मुख्य रूप से ये कागजात शामिल हैं:

  • 10वीं की मूल मार्कशीट और पासिंग सर्टिफिकेट
  • मूल जाति प्रमाण पत्र - SC/ST/OBC/EWS उम्मीदवारों के लिए, जहां लागू हो
  • मूल दिव्यांगता प्रमाण पत्र - PwBD उम्मीदवारों के लिए, जहां लागू हो
  • पहचान पत्र - आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस
  • जन्म तिथि का प्रमाण - 10वीं का प्रमाण पत्र या आधिकारिक जन्म प्रमाण पत्र

कुछ घोषणाएं भी देनी होंगी

दस्तावेज सत्यापन के दौरान उम्मीदवार को कुछ जरूरी घोषणा पत्र और अंडरटेकिंग भी देने पड़ सकते हैं। इनमें शामिल हैं:

  • कंप्यूटर की बेसिक जानकारी होने का स्व-घोषणा पत्र
  • साइकिल चलाने की जानकारी होने का स्व-घोषणा पत्र
  • डाक विभाग की नौकरी के अलावा आजीविका का कोई दूसरा साधन होने का अंडरटेकिंग
  • BPM पद के लिए संबंधित गांव में शाखा डाकघर चलाने के लिए जगह या कमरा उपलब्ध कराने का अंडरटेकिंग

कौन कर सकता है आवेदन?

GDS भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं कक्षा पास होना जरूरी है। 10वीं में गणित और अंग्रेजी विषय पास होना भी अनिवार्य है। इसके अलावा जिस डाक सर्किल के लिए आवेदन किया जा रहा है, वहां की निर्धारित स्थानीय भाषा का ज्ञान होना चाहिए।

उम्र कितनी होनी चाहिए?

आवेदन करने वाले उम्मीदवार की उम्र कम से कम 18 साल और अधिकतम 40 साल होनी चाहिए। उम्र की गणना 21 सितंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम उम्र में छूट मिलेगी।

  • SC/ST: 5 साल की छूट
  • OBC: 3 साल की छूट
  • दिव्यांग उम्मीदवार: 10 से 15 साल तक की छूट, श्रेणी के अनुसार

आवेदन की तारीखें याद रखें

GDS भर्ती में आवेदन करने वाले उम्मीदवार इन तारीखों को जरूर नोट कर लें:

  • 31 अगस्त 2026: ऑनलाइन वन-टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) शुरू
  • 2 सितंबर 2026: ऑनलाइन आवेदन शुरू
  • 21 सितंबर 2026 शाम 5 बजे: आवेदन की अंतिम तारीख

इस भर्ती में लिखित परीक्षा और इंटरव्यू नहीं है, इसलिए 10वीं के अंकों की भूमिका काफी अहम हो जाती है। आवेदन करने से पहले 10वीं के प्रमाण पत्र में दर्ज सभी जानकारियों को ध्यान से जांचना और दस्तावेज सत्यापन के लिए मूल कागजात सुरक्षित रखना जरूरी होगा।

ये भी पढ़ें: NEET UG के दूसरे दौर की काउंसलिंग की डेट जारी, कब आएगा सीट अलॉटमेंट का रिजल्ट?