भारत के खिलाफ महज 2 रन से मिली हार के बाद जापान के कप्तान केंडल कडोवाकी-फ्लेमिंग ने अपनी टीम के प्रदर्शन पर गर्व जताया। उन्होंने कहा कि मुकाबला इतना करीबी था कि हार पचाना मुश्किल हो रहा है। बारिश से प्रभावित 5-5 ओवर के मैच में जापान ने भारत को 32 रन पर रोककर आखिरी गेंद तक मुकाबला जिंदा रखा।

kendel-kadowaki-fleming

जापानी कप्तान का दर्द छलका।

  • Published: 22 Sep 2026, 05:38 PM IST
  • Last Updated: 22 Sep 2026, 05:38 PM IST

India vs Japan: भारत के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में 2 रन से मिली हार के बाद जापान के कप्तान केंडल कडोवाकी-फ्लेमिंग ने टीम के जज्बे की तारीफ की। उन्होंने कहा कि इतने करीबी मुकाबले में हार का दर्द थोड़ा ज्यादा होता है, लेकिन दुनिया की मजबूत टीमों में से एक भारत को आखिरी गेंद तक चुनौती देना जापान के लिए गर्व की बात है।

सानो में बारिश के कारण देरी से शुरू हुए इस एकमात्र टी20 इंटरनेशनल मैच को घटाकर 5-5 ओवर का कर दिया गया था। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 32 रन बनाए। जवाब में जापान की टीम 3 विकेट पर 30 रन ही बना सकी और मुकाबला महज 2 रन से हार गई।

मैच के बाद जापानी कप्तान ने कहा, "जब मुकाबला इतना करीबी हो जाता है, तो हार को स्वीकार करना थोड़ा मुश्किल होता है। हमारी टीम में भावनाएं काफी तेज थीं। लेकिन मेरे हिसाब से दुनिया की सबसे अच्छी टीम को आखिरी गेंद तक मुकाबले में बनाए रखना खास उपलब्धि है।"

कडोवाकी-फ्लेमिंग ने खुद जापान की पारी में सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 12 गेंदों पर 12 रन बनाए, लेकिन चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद जापान को आखिरी ओवर में 9 रन बनाने थे।

उन्होंने भारतीय स्पिन गेंदबाजों की चुनौती का भी जिक्र किया। कप्तान ने कहा कि अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और रवि बिश्नोई जैसे वर्ल्ड क्लास स्पिनरों के खिलाफ खेलना बेहद मुश्किल था। हालांकि, उन्हें उम्मीद थी कि कुछ अच्छे शॉट लगने पर मैच का रुख बदल सकता है।

मैच के आखिरी ओवर में वाइड के फैसले को लेकर भी विवाद हुआ। अक्षर पटेल की गेंद को पहले वाइड दिया गया, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों की बातचीत के बाद अंपायरों ने फैसला बदल दिया। इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई।

जापान के 17 वर्षीय स्पिनर चार्ली हारा-हिन्ज़े ने शानदार प्रदर्शन किया और 2 ओवर में 17 रन देकर 2 विकेट लिए। कप्तान ने उन्हें टीम का युवा सितारा बताया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें खुशी होती अगर 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी भी भारत की टीम में होते। दोनों खिलाड़ी अंडर-19 वर्ल्ड कप में आमने-सामने आ चुके हैं, जहां हारा-हिन्ज़े ने सूर्यवंशी को 23 रन पर आउट किया था।

अब जापान की नजर एशियन गेम्स पर है। टीम 24 सितंबर को अफगानिस्तान और 26 सितंबर को नेपाल से भिड़ेगी। कप्तान के मुताबिक, अगले दो मैचों में से एक जीतने पर टीम को नॉकआउट में किसी अन्य फुल मेंबर टीम के खिलाफ खेलने का मौका मिल सकता है।