India Vs Zimbabwe Women ODI: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे वनडे (India Vs Zimbabwe Women ODI) में शानदार जीत दर्ज की। वडोदरा में रविवार को खेले गए मुकाबले में भारत ने जिम्बाब्वे को 121 रन से हरा दिया।

— BCCI Women (@BCCIWomen) October 25, 2026

सीरीज में 2-0 की बढ़त

हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) और ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा (Deepti Sharma) ने शतक लगाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 328 रन बनाए। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 48.5 ओवर में 207 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली।

हरमनप्रीत कौर का आठवां वनडे शतक

हरमनप्रीत कौर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 121 गेंदों पर 126 रन बनाए। उनकी पारी में 15 चौके शामिल रहे। यह हरमनप्रीत का वनडे क्रिकेट में आठवां शतक है। उन्होंने मुश्किल समय में जिम्मेदारी संभाली और भारतीय पारी को मजबूती दी।

दीप्ति शर्मा ने भी जड़ा शतक

— BCCI Women (@BCCIWomen) October 25, 2026

दीप्ति शर्मा ने भी बल्ले से कमाल दिखाया। उन्होंने 86 गेंदों पर नाबाद 106 रन बनाए, जिसमें 15 चौके शामिल थे। हरमनप्रीत और दीप्ति के बीच पांचवें विकेट के लिए 153 रनों की अहम साझेदारी हुई। इस साझेदारी ने भारत को 328 रनों के बड़े स्कोर तक पहुंचाने में मदद की।

प्रतीका रावल ने भी खेली शानदार पारी

ओपनर प्रतीका रावल ने लगातार दूसरे मैच में अच्छा प्रदर्शन किया। पिछले मुकाबले में शतक लगाने वाली प्रतीका ने इस बार 67 गेंदों पर 61 रन बनाए। उनकी पारी ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई और मध्यक्रम के बल्लेबाजों के लिए मजबूत आधार तैयार किया।

ये खबर भी पढ़ें: धोनी खेलेंगे अगला सीजन या लेंगे संन्यास? 'पुरानी गाड़ी' का जिक्र कर दिया बड़ा संकेत

गेंदबाजों ने दिलाई 121 रन से जीत

329 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 207 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से वैष्णवी शर्मा ने 10 ओवर में 39 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि दीप्ति शर्मा ने 9 ओवर में 32 रन देकर 3 विकेट झटके। सयाली सतघरे, जिंतिमणि कलिता और श्री चरणी को एक-एक विकेट मिला। शेफाली वर्मा को कोई विकेट नहीं मिला। इस तरह भारतीय टीम ने 121 रनों से मुकाबला जीतकर सीरीज पर कब्जा जमाने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाया।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें: https://chat.whatsapp.com/IXahwEVgJHyHpyGZjyYpHk

लेखक