वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गुरुवार को मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट के पायलट ने उड़ान भरने से इनकार कर दिया। पायलट की अचानक तबीयत खराब होने और ड्यूटी समय पूरा होने की बात सामने आने के बाद गुस्साए यात्रियों ने एयरपोर्ट के सिक्योरिटी होल्डिंग एरिया में भारी हंगामा किया।

The pilot of an IndiGo flight to Mumbai refused to take off at Varanasi airport (file photo)

वाराणसी एयरपोर्ट पर मुंबई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट के पायलट ने उड़ान भरने से मना किया (फाइल फोटो)

  • Published: 10 Sep 2026, 03:48 PM IST
  • Last Updated: 10 Sep 2026, 03:48 PM IST

वाराणसी : बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गुरुवार को मुंबई जाने वाली इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट को लेकर भारी हंगामे की स्थिति बन गई। उड़ान भरने से ठीक पहले पायलट ने विमान ले जाने से इनकार कर दिया। यात्रियों की सुरक्षा जांच पूरी हो चुकी थी और वे सिक्योरिटी होल्डिंग एरिया में बोर्डिंग का इंतजार कर रहे थे, तभी अचानक पायलट के अस्वस्थ होने की सूचना मिलने पर यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा।

​सुबह 10:45 बजे थी उड़ान, ऐन वक्त पर पायलट ने खड़े किए हाथ

जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E6544 को वाराणसी से मुंबई के लिए सुबह 10:45 बजे रवाना होना था। यात्री विमान में सवार होने की तैयारी में थे, तभी एयरलाइन स्टाफ ने बताया कि पायलट की तबीयत अचानक खराब हो गई है और वे विमान नहीं उड़ा सकेंगे। अंतिम समय पर मिली इस सूचना से यात्रियों का शेड्यूल पूरी तरह बिगड़ गया। समय पर जानकारी न देने का आरोप लगाते हुए यात्रियों ने एयरलाइन प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी और हंगामा किया।

​ड्यूटी टाइम और आराम के नियमों को लेकर भी चर्चा

एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, पायलट की तबीयत खराब होने के अलावा ड्यूटी के निर्धारित घंटों  एफडीटीएल से जुड़ा मामला भी सामने आया है। चर्चा है कि पायलट की ड्यूटी का तय समय पूरा हो चुका था और विमानन नियमों के अनुसार उन्हें अनिवार्य विश्राम की जरूरत थी। हालांकि, एयरलाइन प्रबंधन ने इस पर अभी कोई स्पष्ट आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

​वैकल्पिक क्रू की व्यवस्था, दोपहर 2 बजे रीशेड्यूल हुई उड़ान

यात्रियों के भारी विरोध और हंगामे को देखते हुए इंडिगो प्रबंधन हरकत में आया। एयरलाइन के वरिष्ठ अधिकारियों ने यात्रियों को शांत कराने का प्रयास किया और आनन-फानन में वैकल्पिक क्रू का बंदोबस्त किया। इसके बाद सुबह 10:45 बजे जाने वाली इस फ्लाइट को दोपहर करीब 2 बजे के लिए रीशेड्यूल किया गया। घंटों एयरपोर्ट पर फंसे रहने के कारण यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। फिलहाल वैकल्पिक क्रू के जरिए यात्रियों को मुंबई भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।