श्रीगंगानगर में ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। यहां आईफोन स्टूडियो चलाने वाली महिला संचालक से ठग ने खुद को टांटिया हॉस्पिटल का डॉक्टर बताकर मोबाइल बेचने का सौदा किया। आरोपी ने QR कोड भेजकर दो अलग-अलग बैंक खातों से 1.28 लाख रुपए ट्रांसफर करवा लिए।

.

टांटिया हॉस्पिटल का डॉक्टर बताकर किया फोन

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। आस्था आहुजा (34), निवासी प्रेम नगर, श्रीगंगानगर ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि खालसा नगर में उनकी आईफोन स्टूडियो नाम से मोबाइल शॉप है।

रिपोर्ट के अनुसार, 15 अक्टूबर को उनके देवर राहुल नरूला के पास एक अनजान नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम अमित शर्मा बताया और खुद को टांटिया हॉस्पिटल का डॉक्टर बताया। उसने iPhone 18 Pro Max बेचने की इच्छा जताई। दोनों के बीच फोन की कीमत 1 लाख 28 हजार रुपए तय हुई।

कर्मचारी को शाइना कैफे भेजा, QR कोड से किए रुपए ट्रांसफर

आरोपी ने मोबाइल देने के लिए राहुल को शाइना कैफे बुलाया। राहुल ने अपनी दुकान के कर्मचारी कृष्ण कुमार को आईफोन लेने के लिए वहां भेज दिया। कर्मचारी मौके पर पहुंचा तो एक व्यक्ति आईफोन लेकर खड़ा मिला। कर्मचारी ने फोन पर राहुल को इसकी जानकारी दी।

इसके बाद राहुल ने अनजान व्यक्ति की ओर से भेजे गए QR कोड पर 1.28 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। राहुल के खाते में पर्याप्त बैलेंस नहीं होने के कारण भुगतान दो अलग-अलग खातों से किया गया। इनमें 60 हजार रुपए आस्था आहुजा के बैंक खाते से और 68 हजार रुपए राहुल के दोस्त सौरभ वर्मा के बैंक खाते से भेजे गए।

भुगतान के बाद व्यक्ति ने कहा- खाते में रुपए नहीं आए

रुपए ट्रांसफर होने के बाद कर्मचारी ने मौके पर मौजूद व्यक्ति से आईफोन देने को कहा। इस पर उसने बताया कि उसके खाते में कोई पेमेंट नहीं आई है। उसने यह भी कहा कि वह किसी अन्य व्यक्ति के कहने पर वहां मोबाइल बेचने आया है।

मौके पर मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम नंद किशोर बताया। उसके अनुसार, उसने OLX पर मोबाइल बेचने का विज्ञापन देखा था। अमित शर्मा नाम के व्यक्ति ने उसे फोन खरीदने के लिए शाइना कैफे बुलाया था। इस तरह दोनों पक्ष एक-दूसरे को भुगतान और मोबाइल के सौदे से जुड़ा बता रहे थे।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, एएसआई जगराम कर रहे जांच

आस्था आहुजा ने आरोप लगाया कि अनजान व्यक्ति ने डॉक्टर बनकर अपनी पहचान छिपाई और धोखे से रुपए ट्रांसफर करवा लिए। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई जगराम कर रहे हैं।