Ajmer News: राजस्थान में अजमेर जिले के नसीराबाद में बदमाशों ने खुद को इनकम टैक्स (IT) अधिकारी बताकर एक कारोबारी के घर से करीब 2 करोड़ रुपये की सोने की ज्वेलरी लूट ली. शुक्रवार सुबह हुई इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी स्कॉर्पियो में सवार होकर फरार हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की. पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान कुछ आरोपियों को पकड़ा गया है.
मामला नसीराबाद सदर थाना क्षेत्र के दिलवाड़ा बाइपास स्थित महेश विहार कॉलोनी का है. ट्रांसपोर्ट और मोटर पार्ट्स कारोबारी अनिल माहेश्वरी उनके भाई और पिता घटना के समय अपने कार्यालय गए हुए थे. घर पर परिवार की महिलाएं कारोबारी का बेटा कार्तिक और घरेलू काम करने वाली महिला मौजूद थी.
स्कॉर्पियो से पहुंचे थे आरोपी
जानकारी के अनुसार, काले रंग की स्कॉर्पियो में सात बदमाश मौके पर पहुंचे गाड़ी पर टैक्सी की नंबर प्लेट लगी हुई थी. इनमें से पांच आरोपी घर के अंदर घुसे और खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर जांच के नाम पर कमरों की तलाशी लेने लगे. इसी दौरान आरोपियों ने एक कमरे में रखे लॉकर से सोने के जेवर निकाल लिए और वहां मौजूद लोगों के मोबाइल भी अपने कब्जे में ले लिए. बदमाश ज्वेलरी लेकर बाहर निकलने लगे तो कारोबारी का बेटा कार्तिक उनके पीछे स्कॉर्पियो तक पहुंच गया. उसने आरोपियों से सरकारी कार्रवाई की रसीद मांगी लेकिन बदमाश गाड़ी तेज गति से भगाकर फरार हो गए.
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद थाना प्रभारी राधेश्याम चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर संदिग्धों को गाड़ी से उतरकर घर में प्रवेश करते देखा गया. पुलिस ने नाकाबंदी के साथ अजमेर सहित कई स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है. पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान कुछ आरोपियों को पकड़ा गया है.

ध्वज आर्य
राजस्थान में 2008 से पत्रकारिता के सफर की शुरुआत. 18 वर्षों के पत्रकारिता करियर में राजनीति, सामाजिक मुद्दे, विकास, अपराध और ग्राउंड रिपोर्टिंग पर काम. खबर की तह तक जाने, तथ्यों की पुष्टि करने और जटिल विषयों को सरल भाषा में जनता तक पहुंचाने में विशेषज्ञता. प्रिंट से डिजिटल मीडिया तक के बदलाव को करीब से देखा. प्रिंट ,डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्लेटफार्म पर काम का अनुभव. पत्रकारिता की शुरुआत के 10 साल क्राइम रिपोर्टिंग की. पूर्व में समाचार प्लस, इंडिया न्यूज, दैनिक भास्कर और अब नेशनल चैनल TV9 भारतवर्ष में राजस्थान ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी. इस सफर के दौरान ब्रेकिंग न्यूज से लेकर इन्वेस्टिगेशन स्टोरी के साथ कई बड़े खुलासे, कई बड़े चुनाव, आपदा, बड़े आंदोलनों की ग्राउंड ज़ीरो से कवरेज समेत भारत पाकिस्तान युद्ध (ऑपरेशन सिंदूर) को कवर किया. क्राइम की खबरों, बड़े राजनीतिक घटनाक्रम और युद्ध कवरेज में सबसे ज्यादा रूचि. मेरा मानना है कि खबर सिर्फ एक घटना नहीं है, उसके पीछे का सच भी है. पत्रकारिता का काम सत्ता पक्ष से सवाल पूछना और जनता की आवाज़ बनना है. निष्पक्षता, गति और सटीकता मेरी रिपोर्टिंग के तीन स्तंभ हैं.
Read More