J&K के उधमपुर में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ में दो आतंकी मारे गए। हथियार बरामद हुए हैं और इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।

J&K Encounter

J&K Encounter

  • Published: 17 Sep 2026, 09:29 AM IST
  • Last Updated: 17 Sep 2026, 09:29 AM IST

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में बुधवार देर रात सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया है। दोनों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। इलाके में सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।

अधिकारियों के मुताबिक, आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF ने मजालता इलाके के दूरदराज के ब्राटेल सोअन और खुब्बन क्षेत्रों में बुधवार रात करीब 9 बजे संयुक्त अभियान शुरू किया था।

देर रात आतंकियों से हुआ संपर्क
सुरक्षाबलों की टीम संदिग्ध आतंकियों की तलाश में जंगल और आसपास के इलाकों में अभियान चला रही थी। इसी दौरान देर रात आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच संपर्क स्थापित हुआ और मुठभेड़ शुरू हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन अभी जारी है। इलाके में किसी अन्य आतंकी की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।

जम्मू-कश्मीर पुलिस के SOG ने सेना के साथ मिलकर यह एंटी-टेरर ऑपरेशन शुरू किया था। अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया। उनके पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद होने की जानकारी भी सामने आई है।

जंगल में सुनाई दी फायरिंग और धमाकों की आवाज
समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, ऑपरेशन शुरू होने के कुछ समय बाद जंगल के इलाके से कुछ राउंड फायरिंग और धमाकों की आवाज सुनाई दी। बताया गया कि सुरक्षाबलों ने संदिग्ध ठिकाने को निशाना बनाते हुए कार्रवाई की थी।

फिलहाल सुरक्षा बल पूरे इलाके की तलाशी ले रहे हैं। मारे गए दोनों आतंकियों की पहचान और उनके संगठन से जुड़े होने की जानकारी की पुष्टि की जा रही है।

इस महीने बडगाम में भी मारा गया था लश्कर कमांडर
इससे पहले सितंबर में जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में भी सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस कार्रवाई में पाकिस्तान का रहने वाला लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर यासिर मारा गया था।

जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक, यासिर की तलाश में सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन अशदर चलाया था। इसके तहत स्पेशल फोर्सेज और 53 राष्ट्रीय राइफल्स की संयुक्त टीम ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया था।

रिपोर्टों के अनुसार, यासिर लश्कर-ए-तैयबा के सुलैमान मूसा ग्रुप से जुड़ा रहा था। बाद में वह इस ग्रुप से अलग हो गया था और अलग तरीके से सक्रिय था। सुरक्षा एजेंसियां बडगाम के यूसमर्ग इलाके में उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थीं।

उधमपुर में ताजा मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाशी अभियान जारी रखा है। अधिकारियों का फोकस यह पता लगाने पर है कि जंगल में कोई अन्य आतंकी मौजूद है या नहीं।