मेरठ की चौधरी चरण सिंह जिला जेल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इस बार जेल के आयोजन में चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड की मुख्य आरोपी मुस्कान रस्तोगी की 10 महीने की बेटी मन्नत मुख्य आकर्षण का केंद्र बनेगी। महिला बैरक की लाडली मन्नत को जन्माष्टमी पर विशेष रूप से राधारानी के स्वरूप में सजाया जाएगा, जिसे लेकर जेल में बंद महिला कैदियों में खासा उत्साह है।

Muskan's 10-month-old daughter will become Radharani (AI generated image)

मुस्कान की 10 महीने की बेटी बनेगी राधारानी (ai generated image)

  • Published: 04 Sep 2026, 03:37 PM IST
  • Last Updated: 04 Sep 2026, 03:37 PM IST

मेरठ : चौधरी चरण सिंह जिला कारागार, मेरठ में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व बेहद धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाने की तैयारियां चल रही हैं। चूंकि भगवान श्रीकृष्ण का अवतरण भी कारागार में ही हुआ था, इसलिए जेलों में जन्माष्टमी का आयोजन सदैव ही विशेष और भावनात्मक महत्व रखता है। इस बार मेरठ जेल की महिला बैरक में होने वाले जन्मोत्सव में चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड की आरोपी मुस्कान रस्तोगी की 10 महीने की मासूम बेटी मन्नत आकर्षण का केंद्र रहेगी। जन्माष्टमी के मौके पर मन्नत को राधारानी के बाल स्वरूप में सजाने की पूरी योजना बनाई गई है।

​गुलाबी फ्रॉक और राधा की पोशाक में सजेगी मन्नत

मन्नत अभी महज 10 महीने की है और वह जेल में अपनी मां मुस्कान के साथ रह रही है। जन्माष्टमी की शाम महिला बैरक में बंद अन्य महिला बंदी मिलकर मन्नत का पारंपरिक श्रृंगार करेंगी। इसके लिए विशेष रूप से गुलाबी रंग की फ्रॉक और राधारानी की पारंपरिक पोशाक, मुकुट व आभूषण मंगाए गए हैं। यह मन्नत की पहली जन्माष्टमी है, जिसे लेकर जेल प्रशासन और महिला कैदियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।

​जेल में सबकी लाडली है मासूम मन्नत

वर्तमान में मेरठ जिला जेल में चार महिला बंदियों के साथ उनके छोटे बच्चे भी रह रहे हैं, जिनमें एक बालक और तीन बालिकाएं शामिल हैं। इन सभी बच्चों में मुस्कान की बेटी मन्नत सबसे छोटी है। कम उम्र और नटखट स्वभाव के कारण वह जेल में सभी महिला बंदियों की लाडली बन चुकी है।

​दिलचस्प बात यह है कि 23 नवंबर 2025 को जब मुस्कान ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बेटी को जन्म दिया था (जो कि उसके दिवंगत पति सौरभ राजपूत का जन्मदिन भी था), तब जन्म के बाद जेल की महिला बंदियों ने उसका नाम 'राधा' ही रखा था। करीब एक महीने तक सभी उसे राधा कहकर ही बुलाते थे, लेकिन बाद में मुस्कान ने उसका नाम बदलकर मन्नत रख दिया। अब अपनी पहली जन्माष्टमी पर मन्नत सचमुच राधारानी की पोशाक पहनकर जन्मोत्सव का हिस्सा बनने जा रही है।

​नीले ड्रम में शव छिपाने के आरोप में बंद है मुस्कान

गौरतलब है कि मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज सौरभ राजपूत हत्याकांड में मुस्कान और उसका प्रेमी साहिल मुख्य आरोपी के तौर पर जिला जेल में बंद हैं। पुलिस जांच के अनुसार, मुस्कान और साहिल ने मिलकर पति सौरभ की नृशंस हत्या कर दी थी। इसके बाद शव के कई टुकड़े कर उसे नीले रंग के प्लास्टिक ड्रम में छिपाकर ऊपर से सीमेंट का घोल डालकर सील कर दिया था। वारदात के बाद दोनों आरोपी घूमने चले गए थे। 17 मार्च को पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुस्कान और साहिल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अपराध की उस खौफनाक पृष्ठभूमि के बीच जेल की चारदीवारी में पल रही मासूम मन्नत अब जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भक्ति और वात्सल्य का केंद्र बन गई है।