दरभंगा में शराब तस्करों ने पुलिस टीम पर हमला किया है। घटना जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर रैयाम थाना क्षेत्र के बंसरा ठीकरा टोल के पास की है।
.
दरअसल, रैयाम थाने की पुलिस शराब के खिलाफ छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस ने करीब 2 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की और कथित शराब कारोबारी महावीर सहनी को हिरासत में लेकर पुलिस गाड़ी में बैठा लिया।
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आरोपी महावीर सहनी के परिजनों और उसके करीबियों ने पुलिस वाहन को ट्रैक्टर और जेसीबी से घेर लिया। इसके बाद पुलिस के कब्जे से महावीर सहनी को छुड़ा लिया गया।
इस दौरान पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई और पुलिस की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। हालांकि, घटना में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है। गुप्त सूचना के आधार पर रैयाम थाना की पुलिस टीम शराब बरामदगी को लेकर गांव में छापेमारी करने पहुंची थी।

शराब तस्करों ने पुलिस की गाड़ी पर पथराव किया।

हमले के बाद मौके पर 7 थानों की पुलिस को बुलाया गया।
7 थानों की पुलिस पहुंची, जिले से भी बुलाया गया बल
घटना की सूचना मिलते ही देर रात बड़ी संख्या में पुलिस बल गांव पहुंचा। रैयाम के अलावा केवटी, कमतौल, सिमरी, सदर, मब्बी और अन्य थानों की पुलिस को मौके पर भेजा गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की।
घटना के बाद क्षतिग्रस्त पुलिस वाहन को रैयाम थाना परिसर में लाकर खड़ा किया गया है। वाहन की स्थिति से पुलिस के साथ हुई घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
जिले से पहुंची पुलिस की टीम भी रैयाम थाना परिसर में कैंप कर रही है। गुरुवार को थाना परिसर में मामले को लेकर कागजी कार्रवाई चल रही थी।

हमले के दौरान पुलिस को गाड़ी छोड़कर भागना पड़ा।
महावीर सहनी समेत लोगों को किया 10 गिरफ्तार
कमतौल SDPO शुभेंद्र कुमार सुमन ने बताया कि उत्पाद विभाग की टीम और रैयाम थाने की पुलिस बनसारा ठीकरा टोल छापेमारी करने पहुंची थी। पुलिस कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति की गिरफ्तारी की गई और उसके पास से शराब बरामद हुई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस टीम को रोकने के लिए सड़क पर ट्रैक्टर खड़ा कर दिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और हमला किया गया। हमले के दौरान पुलिस की सरकारी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए महावीर सहनी समेत 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हमले के दौरान पुलिस की गाड़ी के अंदर पड़े कांच के टुकड़े।
लगातार दूसरी बार पुलिस टीम पर हमले से बढ़ी चिंता
दरभंगा में शराब के खिलाफ कार्रवाई करने और आपराधिक मामलों की जांच के दौरान पुलिस टीम पर हमले की हाल की कई घटनाओं ने पुलिसिंग को लेकर चिंता बढ़ा दी है। इससे पहले 28 अगस्त 2026 को सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र में शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने डायल-112 की पुलिस टीम पर हमला कर दिया था। इस घटना में चार पुलिसकर्मी घायल हुए थे।
इसी तरह 17 अगस्त 2026 को बहादुरपुर थाना क्षेत्र के खराजपुर वार्ड-9 में पुलिस की टेक्निकल सेल की टीम के साथ मारपीट की घटना हुई थी। इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। आरोप है कि पुलिस के सर्विस रिवॉल्वर को चलाने का भी प्रयास किया गया था।
इससे पहले 19 अप्रैल 2026 को बहेड़ा थाना क्षेत्र के दलित टोला में शराब बरामदगी के दौरान मद्यनिषेध टीम पर हमला किया गया था। इस घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए थे।