इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IITs) में एडमिशन के लिए आयोजित होने वाले ज्वाइंट एंट्रेंस टेस्ट (JEE) एडवांस्ड में शामिल होने के लिए कैंडिडेट्स को तीन मौके मिल सकते हैं. IIT कानपुर के निदेशक मनिंद्र अग्रवाल ने इसको लेकर संकेत दिया है. जेईई एडवांस्ड में शामिल होने के लिए 3 मौके दिए जाने की मांग को लेकर 12000 से अधिक कैंडिडेट्स मुखर हैं, जिसको लेकर इन कैंडिडेट्स ने केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय और IIT काउंसिल और जॉइंट एडमिशन बोर्ड (JAB) को मांग पत्र सौंपा था, जिसमें मौजूदा नियमों की समीक्षा करने की मांग की गई थी.
आइए, विस्तार से पूरा मामला जानते हैं. जानते हैं कि अभी जेईई एडवांस्ड में शामिल होने के लिए निर्धारित नियम क्या है. जानते हैं कि IIT कानपुर के डायरेक्टर ने इस संबंध में क्या कहा है.
जेईई एडवांस्ड में शामिल होने का क्राइटेरिया
इस पूरे मामले को विस्तार से समझने से पहले जेईई एडवांस्ड में शामिल होने का मौजूदा क्राइटेरिया समझते हैं. असल में जेईई मेन में क्वालीफाई करने वाले टॉप 2.50 लाख कैंडिडेट्स (आरक्षण का नियम लागू हाेता है) को ही जेईई एडवांस्ड में शामिल होने का मौका मिलता है. मौजूदा नियमों के अनुसार किसी भी कैंडिडेट्स के पास जेईई एडवांस्ड में शामिल होने के सिर्फ दो मौके होते हैं. 12वीं पास करने वाले साल से ही पहले मौके की गणना होती है. यानी कि 12वीं पास करने वाले साल ही कैंडिडेट्स को जेईई मेन में टॉप स्कोर करना होता है. उसके बाद वह जेईई एडवांस्ड में शामिल हो सकेगा. उसके बाद अगले साल को दूसरे मौके के तौर पर रेखांकित किया गया है.
3 मौके या 3 साल का नियम बनाने की मांग
जेईई एडवांस्ड दे चुके कैंडिडेट्स ने केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय और IIT काउंसिल और जॉइंट एडमिशन बोर्ड (JAB) से जेईई एडवांस्ड में शामिल होने संबंधी मौजूदा नियमों की समीक्षा करने की मांग की है. कैंडिडेट्स ने मांग की है कि या तो जेईई एडवांस्ड में शामिल होने के लिए 3 मौके दिए जाएं. या 3 साल में 2 मौके देने का नियम बनाया जाए.
IIT कानपुर के डायेक्टर ने क्या कहा
जेईई एडवांस्ड में बदलाव और उसमें शामिल होने के मौके बढ़ाए जाने संबंधी विषयों को लेकर IIT कानपुर के डायरेक्टर मनिंद्र अग्रवाल ने इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत की है. एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार IIT कानपुर के निदेशक मनिंद्र अग्रवाल ने कहा है फिलहाल जेईई एडवांस्ड के पैटर्न में बदलाव नहीं होगा, वह पहले का जैसा रहेगा, लेकिन आने वाले कुछ सालों में जेईई एडवांस्ड पैटर्न में बदलाव हो सकता है. साथ ही उन्होंने कहा कि जेईई एडवांस्ड में शामिल होने के लिए तीसरा मौका दिए जाने संबंधी मांग पर विचार किया जा रहा है, जिस पर चर्चा चल रही है. हालांकि उन्होंने कहा कि तीसरा मौका यानी प्रयास सबको उपलब्ध नहीं कराया जाएगा. संभवत कुछ विशेष मामलाें में तीसरा मौका दिया जा सकता है.
TV9 Bharatvarsh
टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.
Read More