JPSC परीक्षा में कथित तौर पर अनियमितता के खिलाफ झारखंड की राजधानी रांची में सोमवार को भी छात्रों का प्रदर्शन जारी है। राज्य के छात्र कई दिनों से लगातार आंदोलन कर रहे हैं। छात्रों के पास ना तो मंच है ना बारिश से बचने के लिए टेंट लेकिन छात्र पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। इस बीच JPSC परीक्षा में अनियमितता के आरोपों की जांच के दौरान CID की कार्रवाई भी जारी है। इस पूरे मामले को लेकर CID ने आज झारखंड के 18 ठिकानों पर छापेमारी की है। दूसरी ओर अब कॉकरोच जनता पार्टी ने भी छात्रों के आंदोलन को समर्थन दिया है।

बड़ी मात्रा में दस्तावेज-इलेक्ट्रॉनिक सामान जब्त 

झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच मामले में अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने इस मामले में दर्ज कांड संख्या 16/2026 के अनुसंधान के क्रम में सोमवार को रांची, पलामू, हजारीबाग, बोकारो और धनबाद समेत राज्य के विभिन्न जिलों में कुल 18 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। छापेमारी के दौरान जांच टीम ने बड़ी मात्रा में महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। इनमें लैपटॉप, मोबाइल फोन, विभिन्न बैंकों की पासबुक और चेकबुक, अभ्यर्थियों की ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी, एडमिट कार्ड, मार्कशीट सहित कई अन्य दस्तावेज शामिल हैं, जिनकी गहन जांच की जाएगी।

आरोपी अभय तिवारी को लेकर नए खुलासे

जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी अभय तिवारी ने वर्ष 2013 से 2018 के बीच पुलिस अवर निरीक्षक, BARC, IRB कांस्टेबल, CRPF हेड कांस्टेबल, NCL, JSSC तथा JPSC की ACF, FRO, FSO और संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक परीक्षा सहित कई प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लिया था। CID अब इन सभी परीक्षाओं से जुड़े तथ्यों का सत्यापन कर रही है। इसी क्रम में CID ने संबंधित भर्ती एवं परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसियों से आरोपी की अभ्यर्थिता, आवेदन पत्र, मूल्यांकन अभिलेख, चयन प्रक्रिया से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है, ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष और प्रभावी जांच सुनिश्चित की जा सके।

अभिजीत दिपके ने की छात्रों से बात

पेपर लीक के खिलाफ 6 दिन से रांची में स्टूडेंट्स का धरना चल रहा है। आज कॉकरोच जनता पार्टी ने भी इस आंदोलन को सपोर्ट करने का ऐलान कर दिया। अभिजीत दिपके ने आंदोलनकारी छात्रों से वीडियो कॉल पर बात की और उनकी मांग का समर्थन किया। अभिजीत दिपके ने कहा कि खराब सेहत की वजह से वो रांची नहीं जा पा रहे हैं, जैसे ही उनकी तबियत ठीक होगी, वो रांची जरूर जाएंगे।

छात्रों ने किया विधानसभा घेराव का ऐलान 

रांची में छात्रों ने सोमवार को भी मशाल जुलूस निकाला है। जानकारी के अनुसार, छात्र पेपर लीक को लेकर आर-पार की लड़ाई के मूड में आ गए हैं। बता दें कि छात्रों ने आगामी 6 अगस्त को विधानसभा घेराव का ऐलान कर दिया है। छात्रों के इस आंदोलन के कारण झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार मुश्किल में फंस गई है। (रिपोर्ट: मुकेश सिन्हा)

ये भी पढ़ें- झारखंड में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो, JPSC की 14वीं PT परीक्षा रद्द करने की मांग

झारखंड में गरमाया JPSC के एग्जाम में हुई गड़बड़ी का मुद्दा, धरने पर बैठे छात्र; BJP ने कांग्रेस से पूछे सवाल

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।