
JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच से जुड़े लोगों पर FIR
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला जलाने के दौरान हुए हंगामे और धक्का-मुक्की को लेकर कोतवाली पुलिस स्टेशन में JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच से जुड़े लोगों पर 3 FIR दर्ज की गई है. शुक्रवार की रांची में पुतला जलाने की घटना के दौरान जमकर हुई मारपीट के बाद अफरा-तफरी मच गई थी. दर्ज FIR में कुल 14 नामजद समेत कई अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है. पुलिस ने अंकिता वर्मा, शाहबाज और मजिस्ट्रेट की शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया है.
FIR में नामजद आरोपियों में कुणाल कुमार, पीयूष, रविंद्र पासवान समेत अन्य लोगों के नाम शामिल हैं. पुलिस अब घटनास्थल से मिले वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है. पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. पुलिस को घटना से जुड़े कई वीडियो फुटेज मिले हैं. इसी के आधार पर पुलिस ने नामजद 14 लोगों पर नामजद FIR दर्ज की है. जबकि कई अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है.
पुलिस ने अमीषा प्रसाद से की पूछताछ
इधर, अमीषा प्रसाद से पूछताछ का मामला भी सामने आया. सदर थाना में दर्ज केस नंबर 286/26 के सिलसिले में पुलिस अमीषा प्रसाद को महिला थाना लेकर पहुंची, जहां उनसे पूछताछ की गई. पुलिस की ओर से दिए गए नोटिस को लेने से अमीषा प्रसाद ने इनकार कर दिया. यह मामला सेमफोर्ड हॉस्पिटल में तोड़फोड़ से जुड़ा बताया जा रहा है.
अमीषा के पक्ष में थाने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष मरांडी
अमीषा प्रसाद से पूछताछ की जानकारी मिलने के बाद नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, रांची विधायक सीपी सिंह, रांची की मेयर रोशनी खलखो समेत कई भाजपा नेता कोतवाली थाना पहुंचे करीब चार घंटे तक भाजपा नेताओं की थाने में मौजूदगी रही.
अल्बर्ट एक्का चौक पर पुतला दहन की कोशिश
शुक्रवार को यह घटना तब हुई जब JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच के नेतृत्व में छात्र रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला जला रहे थे. इस दौरान कुछ लोगों ने छात्रों को पुतला जलाने से रोकने की कोशिश की. जिस पर पुतला जलाने को लेकर विवाद बढ़ गया, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई.

अशोक कुमार
अशोक कुमार को पत्रकारिता के क्षेत्र में 7 वर्षों से अधिक का अनुभव है. राजनीति, क्राइम और ऑफबीट खबरों में दिलचस्पी रखने के कारण इन क्षेत्रों की खबरों पर बेहतरीन पकड़ है. नई जगहों को एक्सप्लोर करने के साथ पढ़ने-लिखने का शौक रखते हैं. झारखंड की स्थानीय न्यूज़ चैनल में विभिन्न पदों पर काम करने के साथ-साथ, इन्होंने एपीएन न्यूज़ में बतौर ब्यूरो चीफ के रूप में भी काम किया है. अशोक कुमार ने झारखंड में पिछले 7 वर्षों के दौरान हुई छोटी-बड़ी राजनीतिक हलचलों को रिपोर्ट किया है. वर्तमान में वो टीवी9 डिजिटल से जुड़े हैं.
Read More