
JSSC ने रद्द किए भर्ती एग्जाम
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखण्ड इण्टरमीडिएट स्तर (कम्प्यूटर ज्ञान एवं कम्प्यूटर में हिन्दी टंकण अहर्त्ता धारक पद हेतु) संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 को रद्द कर दिया है. इस संबंध में सोमवार को JSSC ने संशोधित नोटिफिकेशन जारी किया है. इस भर्ती के तहत 864 पदों पर भर्ती होनी थी. भर्ती परीक्षा रद्द होने के बाद इसकी तैयारी कर रहे कैंडिडेट्स को बड़ा झटका लगा है. झारखंड में छात्र आंदोलन के बाद बड़ी संख्या में भर्ती एग्जाम रद्द किए गए हैं. तो वहीं कई भर्ती एग्जाम की जांच चल रही है. इसी कड़ी में ये भर्ती एग्जाम भी रद्द किया गया है.
आइए जानते हैं कि भर्ती एग्जाम को रद्द करने को जारी नोटिफिकेशन में क्या कहा गया है. इस पूरे मामले को विस्तार से जानते हैं.
नए नोटिफिकेशन में क्या है?
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने भर्ती एग्जाम को रद्द करने को लेकर नया नोटिफिकेशन जारी किया है. जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, विज्ञापन संख्या 15/2023 एवं 16/2023 के अंतर्गत झारखंड इंटरमीडिएट स्तर की संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा 2023 के माध्यम से कंप्यूटर ज्ञान एवं कंप्यूटर में हिंदी टंकण अहर्ता धारक पद हेतु (864 पदों) पर होने वाली नियुक्ति के लिए होने वाली परीक्षा अब आयोजित नहीं की जाएगी. इसके साथ ही इन दोनों विज्ञापनों के तहत चल रही भर्ती प्रक्रिया भी समाप्त हो गई है.
कैंडिडेट्स को लगा झटका
झारखंड इंटरमीडिएट स्तर की आयोजित होने वाली विज्ञापन संख्या 15 /2023एवं 16 / 2023 की भर्ती परीक्षा रद्द किए जाने से सैकड़ों कैंडिडेट्स को बड़ा झटका लगा है, जो लंबे समय से इस भर्ती परीक्षा को लेकर तैयारियों में जुटे हुए है. हालांकि भविष्य में पुनः झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के द्वारा इंटर स्तरीय परीक्षा के लिए अधिसूचना जारी कर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किया जा सकता है.
आवेदन प्रक्रिया, एग्जाम से पहले भर्ती रद्द
इस भर्ती परीक्षाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी हो गई थी, लेकिन आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद, परीक्षा आयोजित नहीं कराई जा सकी. आखिरकार इन भर्ती परीक्षाओं के विज्ञापन को पूरी तरह रद्द कर दिया गया.
864 पदों पर होनी थी भर्ती
झारखंड इंटरमीडिएट स्तर संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2023 के जरिए राज्य के विभिन्न विभागों में निम्नवर्गीय लिपिक लॉअर डिवीजन क्लर्क , लेखा लिपिक, कंप्यूटर ऑपरेटर और स्टेनोग्राफर जैसे कुल 864 महत्वपूर्ण पदों पर बहाली की जानी थी. परीक्षा रद्द होने से अभ्यर्थियों की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है.

अशोक कुमार
अशोक कुमार को पत्रकारिता के क्षेत्र में 7 वर्षों से अधिक का अनुभव है. राजनीति, क्राइम और ऑफबीट खबरों में दिलचस्पी रखने के कारण इन क्षेत्रों की खबरों पर बेहतरीन पकड़ है. नई जगहों को एक्सप्लोर करने के साथ पढ़ने-लिखने का शौक रखते हैं. झारखंड की स्थानीय न्यूज़ चैनल में विभिन्न पदों पर काम करने के साथ-साथ, इन्होंने एपीएन न्यूज़ में बतौर ब्यूरो चीफ के रूप में भी काम किया है. अशोक कुमार ने झारखंड में पिछले 7 वर्षों के दौरान हुई छोटी-बड़ी राजनीतिक हलचलों को रिपोर्ट किया है. वर्तमान में वो टीवी9 डिजिटल से जुड़े हैं.
Read More