काजू कतली के स्वाद और जलेबी के आकार वाली यह काजू जलेबी खाने में जितनी स्वादिष्ट है, बनाने में उतनी ही आसान है। घर पर रखी कुछ बुनियादी चीजों से आप इसे कम समय में आसानी से तैयार कर सकते हैं।

Kaju Jalebi Recipe : अक्सर मीठे में हम वही पुरानी मिठाइयां खाकर ऊब जाते हैं। अगर आप भी कुछ नया, स्वादिष्ट और दिखने में बिल्कुल अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो काजू जलेबी एक बेहतरीन विकल्प है।

यह काजू कतली के रिच स्वाद और जलेबी के खूबसूरत लुक का एक शानदार मेल है।

खास बात यह है कि इसे बनाने में न तो बहुत ज्यादा तेल-घी में तलने का झंझट है और न ही घंटों की मेहनत। आइए जानते हैं इसे तैयार करने का आसान तरीका।

काजू जलेबी बनाने के लिए जरूरी सामग्री

  • काजू: 400 ग्राम (अच्छी क्वालिटी का)
  • चीनी: 300 ग्राम
  • दूध: 2 से 3 चम्मच
  • केसर के धागे: 10–12
  • हरी इलायची या दालचीनी पाउडर: आधा छोटा चम्मच
  • देसी घी: 1–2 चम्मच
  • पिस्ता और चांदी का वर्क: सजावट के लिए
  • पानी: चाशनी तैयार करने के लिए (लगभग आधा कप)

बनाने की आसान विधि

1. काजू का पाउडर बनाएं

सबसे पहले काजू को मिक्सर में पीस लें। ध्यान रहे कि मिक्सर को लगातार न चलाएं, बल्कि पल्स मोड (रुक-रुक कर) पर चलाएं ताकि काजू से तेल न निकले।

इसके बाद पाउडर को छलनी से छान लें ताकि कोई मोटा टुकड़ा न रहे।

2. केसर का दूध तैयार करें

एक छोटी कटोरी में गुनगुना दूध लें और उसमें केसर के धागे डालकर 5 मिनट के लिए भिगो दें। इससे मिठाई में अच्छा रंग और खुशबू आएगी।

3. चाशनी और डो तैयार करें

एक कड़ाही या पैन में चीनी और पानी डालकर मध्यम आंच पर रखें। जब चीनी पूरी तरह घुल जाए और हल्की चिपचिपी चाशनी बन जाए, तब आंच धीमी कर दें।

अब इसमें तैयार काजू पाउडर डालें और लगातार चलाते रहें ताकि गांठ न पड़े।

4. घी और फ्लेवर मिलाएं

इस मिश्रण में केसर वाला दूध, इलायची पाउडर और एक चम्मच देसी घी डालें।

धीमी आंच पर इसे तब तक पकाएं जब तक मिश्रण कड़ाही का किनारा न छोड़ने लगे और एक सॉफ्ट डो की तरह न बनने लगे।

5. जलेबी का आकार दें

मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें। जब यह हाथ लगाने लायक हो जाए, तो इसे चिकनी सतह या बटर पेपर पर रखकर चिकना कर लें।

अब इसके छोटे-छोटे रोल (पतली लंबी पट्टियां) बनाएं और उन्हें घुमाते हुए जलेबी का गोल आकार दें।

6. सजावट और सर्विंग

तैयार काजू जलेबी के ऊपर चांदी का वर्क लगाएं और बारीक कटे पिस्ते से सजाएं। 15-20 मिनट सेट होने के बाद यह परोसने के लिए तैयार है।

जरूरी टिप्स

  • काजू का मिश्रण ज्यादा देर तक न पकाएं, वरना यह सख्त हो सकता है।
  • इसे किसी एयरटाइट डिब्बे में रखकर 8 से 10 दिनों तक आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है।