Kal Ka Mausam: देश में मानसून जरूर चल रहा है लेकिन कई दिनों से दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में बारिश ने दस्तक नहीं दी है. इसके चलते दिन में तेज धूप रहने लगी है और उसम से जीना मुहाल हो गया है. हालांकि मौसम विभाग के अनुसार, कल यानी 19 अगस्त को उमस से राहत मिल सकती है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 19 अगस्त के लिए मौसम को लेकर नया अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत 23 राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी की स्थिति बन सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है. अनुमान के मुताबिक, कुछ इलाकों में आंधी की रफ्तार 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. ऐसे में खुले स्थानों पर रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है.
इन राज्यों में दिख सकता है ज्यादा असर
IMD के अलर्ट के मुताबिक, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार के अलावा कई अन्य राज्यों में भी तेज बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है. कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण जलभराव और स्थानीय स्तर पर यातायात प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है. तेज हवाओं के कारण पेड़ और कमजोर ढांचे गिरने का खतरा भी बढ़ सकता है. मौसम विभाग ने लोगों से मौसम की स्थिति पर नजर रखने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है.
यह भी पढ़ें: देश के 19 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश की चेतावनी, जानें यूपी, बिहार और हरियाणा में कैसा रहेगा मौसम
अगले कुछ घंटे अहम
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 16 घंटे कई इलाकों के लिए महत्वपूर्ण रह सकते हैं. बारिश के साथ तेज हवाओं का दौर लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है. ऐसे में प्रशासन और स्थानीय एजेंसियों को भी अलर्ट पर रहने की जरूरत है. लोगों को सलाह दी गई है कि आंधी-तूफान के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और कमजोर निर्माण वाले स्थानों से दूरी बनाए रखें और मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर रखें.
बंगाल की खाड़ी में हलचल से बढ़ी बारिश की संभावना
बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाओं के कारण देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर और तेज हो सकता है. उत्तरी ओडिशा के तट के पास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जिसके चलते ओडिशा और आसपास के इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है. पश्चिम बंगाल और झारखंड के आसपास भी ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. इन मौसमी सिस्टम के असर से पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में बारिश देखने को मिल सकती है.
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में 19 अगस्त को मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ सकता है. मौसम विभाग ने राजधानी में भारी बारिश के साथ आंधी की चेतावनी जारी की है. इस दौरान कई इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. खराब मौसम के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
तापमान की बात करें तो 19 अगस्त को दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. मौसम में बदलाव के कारण तापमान में भी हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है.
UP में कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में 19 अगस्त को कई जिलों में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है. जिन जिलों में मौसम ज्यादा खराब रहने की संभावना है, उनमें गौतमबुद्ध नगर, मेरठ, मथुरा, आगरा, अलीगढ़, रायबरेली, मिर्जापुर, सोनभद्र, प्रतापगढ़, बांदा, फतेहपुर, कानपुर, शामली, बदायूं, इटावा, गाजीपुर, गोरखपुर, देवरिया, प्रयागराज और बस्ती शामिल हैं. वहीं, राजधानी लखनऊ में 19 अगस्त को अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है.
यह भी पढ़ें: Aaj Ka Mausam: 15 राज्यों के लिए भारी होंगे अगले 12 घंटे, मौसम विभाग ने जारी की मूसलाधार बारिश और आंधी की चेतावनी
पहाड़ों में बिगड़ेगा मौसम
19 अगस्त को उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. उत्तराखंड में हवाएं 50 किमी, हिमाचल में 40-50 किमी और जम्मू-कश्मीर में 60 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं. उत्तराखंड के पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल, पौड़ी समेत कई जिलों, हिमाचल के चंबा, कुल्लू, कांगड़ा, मंडी समेत कई क्षेत्रों और जम्मू-कश्मीर के जम्मू, पुंछ, बारामूला, अनंतनाग समेत कई इलाकों में मौसम खराब रहने की संभावना है. भारी बारिश के चलते भूस्खलन और सड़क यातायात प्रभावित होने का खतरा है. लोगों को मौसम अपडेट पर नजर रखने और सावधानी से यात्रा करने की सलाह दी गई है.