Kanwar Yatra 2026: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में प्रभावित रूटों के बारे में बताया गया है।
दिल्ली में कांवड़ यात्रा को देखते हुए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी।
- Published: 31 Jul 2026, 04:36 PM IST
- Last Updated: 31 Jul 2026, 04:37 PM IST
Kanwar Yatra 2026: सावन के इस महीने में कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने राजधानी के पश्चिमी हिस्से के लिए अहम ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। बताया जा रहा है कि 11 अगस्त तक बड़ी संख्या में कांवड़ियों की आवाजाही और सड़क किनारे कांवड़ शिविरों के चलते कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक प्रभावित रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा के पहले योजना बनाकर निकलें। प्रभावित मार्गों से बचें, और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार कांवड़ यात्रा 30 जुलाई 2026 से शुरू होकर 11 अगस्त 2026 तक चलेगी। इस दौरान हरिद्वार, गंगोत्री और गौमुख से गंगाजल लेकर आने वाले बड़ी संख्या में कांवड़िये दिल्ली से होकर हरियाणा और राजस्थान की ओर जाएंगे। इसके साथ ही अलग-अलग जगहों पर कांवड़ शिविर लगाए जाने से कई प्रमुख सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ सकता है।
इन रास्तों पर रहेगा ज्यादा असर
कांवड़ यात्रा के दौरान पश्चिमी दिल्ली में निम्नलिखित प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक धीमा रहने या जाम की स्थिति बनने की आशंका जताई गई है. इनमें, नजफगढ़ फिरनी रोड, रोहतक रोड, पंखा रोड, देव प्रकाश शास्त्री मार्ग, नांगलोई-नजफगढ़ रोड, आउटर रिंग रोड शामिल हैं।
इन मार्गों से होकर गुजरेंगे पैदल कांवड़िये
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कांवड़ यात्रा के दौरान पैदल कांवड़ियों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए हैं. रोहतक रोड मार्ग पर कांवड़िये जखीरा, मादीपुर, पीरागढ़ी चौक, नांगलोई चौक, मुंडका होते हुए टिकरी बॉर्डर तक जाएंगे. वहीं नजफगढ़ रोड मार्ग पर उनका रूट जखीरा से उत्तम नगर, नजफगढ़ फिरनी रोड और झरोदा बॉर्डर तक रहेगा।
इसके अलावा आउटर रिंग रोड पर मधुबन चौक, पीरागढ़ी चौक, केशोपुर मंडी और डिस्ट्रिक्ट सेंटर जनकपुरी से होकर कांवड़ियों की आवाजाही होगी, जबकि देव प्रकाश शास्त्री मार्ग पर रतनपुरी चौक से लोहा मंडी तक पैदल कांवड़ियों के लिए विशेष रूट निर्धारित किया गया है.
वाहन पार्किंग को लेकर निर्देश
पुलिस ने कहा है कि वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। सड़क किनारे पार्किंग करने से बचें ताकि यातायात सुचारु बना रहे। यदि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे पहाड़गंज की ओर से स्टेशन पहुंचें और अजमेरी गेट की ओर जाने से यथासंभव बचें, जिससे भीड़भाड़ से राहत मिल सके।
दिल्ली पुलिस सलाह
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से प्रभावित मार्गों पर जाने से बचें और सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करें। यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक की स्थिति की जानकारी जरूर लें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।