लाइफस्टाइल
- Authored by: सुनीत सिंह
- Updated Jul 26, 2026, 09:09 AM IST
कुछ चिठ्ठियां ऐसी भी थीं जो कभी पोस्ट ही नहीं हो सकीं। सैनिकों के बैग, जैकेट या जेब से मिलीं। वो अधूरे खत थे। किसी खत पर स्याही फैल गई थी, तो किसी पर लिखने वाले के खून के धब्बे।
![]()
कारगिल विजय दिवस 2026
महीना था मई जून का और साल 1999। पड़ोसी मुल्क से आए दुश्मनों की आंखों में आंखे डाल भारतीय सैनिक उनकी इस हिमाकत का मुंहतोड़ जवाब दे रहे थे। कारगिल की बर्फीली चोटियों पर बिना रुके गोले-बारूद चल रहे थे। बम-बंदूक की उन्हीं तेज आवाजों के बीच कुछ सैनिकों की कलम भी चल रही थी। उन कलमों से लिखे जा रहे थे ऐसे खत, जिनमें जंग की हाहाकार नहीं, घर की याद थी। उनमें दुश्मन का जिक्र कम और मां के हाथ के खाने, पत्नी के प्यार, बाप की उम्मीद और बच्चों के भविष्य की चिंता ज्यादा थी।
जंग कैसी भी हो। उसके इतिहास में जीत और हार तो दर्ज होती है, लेकिन उन चिठ्ठियों को हम भूल जाते हैं, जिन्हें सैनिकों ने आखिरी बार लिखा था। लेकिन कारगिल युद्ध के बाद ऐसा नहीं हुआ। उन खतों की स्याही लोगों को रुला गई। जंग के मैदान से हमारे जवानों के लिखे कुछ खत अपने घर तक पहुंच गए तो कुछ डाक की थैलियों में ही रह गए। कुछ चिट्ठियां सैनिकों के सामान के साथ तब मिलीं, जब उनके शव तिरंगे में लिपटकर अपने गांव-घर लौटे। ये खत कागज के वो टुकड़े बने जिसने बताया कि जंग के मैदान में खड़ा सैनिक एक देश का सिपाही होने के साथ ही किसी का बेटा, पति, पिता और भाई भी होता है।
भरोसे की स्याही से लिखे खत
जिस समयकाल में कारगिल युद्ध हुआ उन दिनों संचार के साधन उतने नहीं थे। ना तो मोबाइल थे और ना इंटरनेट। हमारे वीर जवान बस चिठ्ठियों के जरिए ही अपनों का हाल जान पाते थे और अपना बता सकते थे। जंग के मैदान में तैनात कई सैनिकों को तो यह भी नहीं पता होता था कि उनका लिखा खत परिवार तक कब पहुंचेगा। फिर भी वे लिखते थे, क्योंकि उन्हें भरोसा था कि उनके लिखी पाती शायद उनसे ज्यादा लंबा सफर तय कर ले।
इन चिठ्ठियों की सबसे खास बात ये थी लिखने वाले सैनिक अपनी वीरता का बखान नहीं कर रहे थे। उन्हें अपनी मां के आंचल और पिता के संबल की याद आ रही थी। चारों तरफ दुश्मनों से घिरे वो सैनिक अपने खतों से घरवालों को यह भरोसा दिला रहे थे कि यहां सब ठीक है। ये अलग बात है कि उसे खुद मालूम होता है कि अगले कुछ घंटे उसकी जिंदगी की किताब का आखिरी पन्ना भी साबित हो सकते हैं।
कुछ खत अधूरे ही रह गए..
कैप्टन विजयंत थापर का अपनी मां और पिता के नाम लिखा वो अंतिम खत याद है ना आपको।उन्होंने अपनी उस चिट्ठी में जो लिखा था वो अपनी मिट्टी के लिए मर मिटने वाला कोई जांबाज ही लिख सकता था। उन्होंने लिखा था- जब यह चिट्ठी तुम्हारे हाथों में पहुंचेगी, तब मैं आसमान से तुम्हें देख रहा हूंगा। मेरे लिए उदास मत होना। इस बात पर गर्व करना कि मैंने देश के लिए अपना कर्तव्य निभाया।
इसी चिट्ठी में शहीद विजयंत थापर ने कश्मीर की एक बच्ची रुखसाना की पढ़ाई की जिम्मेदारी उठाने का अनुरोध भी अपने परिवार से किया था। इस चिट् को समझेंगे तो पाएंगे कि ये किसी सैनिक बेटे का अपने परिवार के लिए अंतिम संदेश नहीं था। यह इंसानियत का ऐसा दस्तावेज था, जो युद्ध की क्रूरता के बीच भी करुणा को जिंदा रखता है।
कैप्टन मनोज कुमार पांडेय के बारे में उनके साथियों मे लोगों को बताया कि वो हमेशा घरवालों के लिए चिट्ठियां लिखा करते थे। मां का हाल चाल लेते और अपना बताते। शायद हर सैनिक जानता है कि युद्ध का सबसे कठिन मोर्चा सीमा पर नहीं, घर के भीतर होता है, जहां उसका परिवार हर दिन अनिश्चितता से लड़ रहा होता है।
शहादत के बाद मिली कलेजे के टुकड़ों की चिट्ठियां
कारगिल में शहीद हुए कई भारतीय सैनिकों के परिवार के पास अपने लाल की शहादत की खबर आने के कई दिन बाद तक डाकिये चिट्ठियां लेकर आते रहे। वो खत ऐसे समय लिखे गए थे, जब लिखने वाला उनका बेटा जिंदा था, लेकिन जब वह पढ़ा गया, तब वह हमेशा के लिए जा चुका था। ऐसे खतों को पढ़ना किसी परिवार के लिए कितना मुश्किल रहा होगा इसका अंदाजा हम और आप नहीं लगा सकते। उन खतों के हर अक्षर में उन्हें अपने लाल की आवाज सुनाई देती होगी। खून खराबे के माहौल में लिखे वो खत आंसुओं से भीग जाते होंगे।
कुछ चिट्ठियां ऐसी भी थीं जो कभी पोस्ट ही नहीं हो सकीं। सैनिकों के बैग, जैकेट या जेब से मिलीं। वो अधूरे खत थे। किसी खत पर स्याही फैल गई थी, तो किसी पर लिखने वाले के खून के धब्बे। कहीं बस 'प्यारी मां...' लिखकर कलम थम गई थी। यही अधूरी चिट्ठियां इस बात की सबसे बड़ी गवाह हैं कि युद्ध किसी कहानी की तरह पूरा नहीं होता। वह कई पन्ने अधूरे छोड़ देता है।
युद्ध का कौन सा मनोविज्ञान समझाते हैं ये खत
युद्ध मनोविज्ञान पर काम करने वालों के कई शोध बताते हैं कि मोर्चे पर तैनात सैनिकों के लिए खत लिखना अपना मानसिक संतुलन बनाए रखने का एक तरीका होता है। जब सैनिक कागज पर घर की बातें लिखते हैं, तब वह कुछ देर के लिए युद्ध से बाहर निकल आते हैं। अपनों को लिखे ये खत उनके भीतर उम्मीद को जिंदा रखते हैं। शायद यही वजह है कि सबसे कठिन मोर्चों पर भी सैनिक समय निकालकर चिट्ठियां लिखते थे।
26 जुलाई 1999 को हमने दुश्मन की छाती पर तिरंगा गाड़ कारगिल का युद्ध जीत लिया। जंग खत्म हो गया। सरकार और सेना ने बताया कि कौन सी चोटी कब जीती गई, कितने सैनिक शहीद हुए और किस दिन ऑपरेशन पूरा हुआ। लेकिन उन चिट्ठियां ने बताया कि कार्गिल की उसी चोटी पर खड़ा जवान किसे याद कर रहा था, उसे अपने बच्चे की कौन सी बात याद आई थी और उसने आखिरी बार अपनी मां से क्या कहना चाहा था।
कारगिल विजय के बाद कई परिवारों ने इन खतों को फ्रेम करवाकर घर में रखा। कुछ ने उन्हें किताबों में संभाल लिया। कुछ अब भी पुराने बक्सों में तह करके रखते हैं। उनके लिए ये चिट्ठियां इतनी बेशकीमती इसलिए हैं कि उनमें आखिरी बार उनके बेटे ने लिखा था- मैं जल्दी लौटूंगा, अपना ध्यान रखना। लौटना तो किस्मत में नहीं लिखा था, लेकिन अपनों से किया उनका वो वादा हमेशा के लिए उस खत में जिंदा रह गया।
आज कारगिल विजय दिवस पर जब हम देश के उन तमाम शहीदों को सलाम करें, जिन्होंने भारतभूमि के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिये, तो उन खतों को भी एक बार जरूर याद करें। कारगिल में दुश्मनों पर फतह की कुछ कुर्बानियां उन चिट्ठियों में भी कैद है, जिनके आखिरी शब्द तक पहुंचने से पहले ही एहसास हो जाता है कि युद्ध जीतने वाले सैनिक अकसर अपनी निजी जिंदगी की सबसे बड़ी लड़ाई हार चुके थे। उन्होंने घर लौटने का सपना पीछे छोड़ दिया था। उनके नाम से उनके घर या तो तिरंगे में लिपटा उनका शव पहुंचा या फिर उनकी लिखी वही अधूरी चिट्ठियां..
कारगिल में शहीद हुए देश के उन सारे सच्चे सपूतों को टाइम्स नाउ नवभारत सलाम करता है। जय हिंद।
![]()
सुनीत सिंहauthor
सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।
और पढ़ें
- Hindi News
- Lifestyle
End of Article