Ramayana: बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर इस वक्त अपनी मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘रामायण’ को लेकर चर्चा में बने हुए हैं. एक्टर लगातार फिल्म का प्रमोशन कर रहे हैं. अब रणबीर प्रमोशन के लिए अमिताभ बच्चन के क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में पहुंचे हैं. इस दौरान उनके साथ लीड एक्ट्रेस साई पल्लवी और रवि डुबे भी नजर आए. शो में रणबीर ने श्रीराम बनने को लेकर अपना डर भी जाहिर किया है.

दरअसल, शो के दौरान अमिताभ बच्चन ने तीनों कलाकारों से पूछा कि जब उन्हें भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण का किरदार निभाने का ऑफर मिला था, तो उनके मन में सबसे पहले क्या ख्याल आया था. इस पर रणबीर कपूर ने बताया कि शुरुआत में उन्हें डर लगा था, लेकिन कुछ ही समय बाद उनका यह डर कृतज्ञता में बदल गया.

क्या बोले रणबीर कपूर?

‘कौन बनेगा करोड़पति’ के मेकर्स ने शो के आने वाले एपिसोड का एक नया प्रोमो जारी किया है. इसमें रणबीर कपूर अपने किरदार को लेकर बात करते नजर आ रहे हैं. उन्होंने कहा, “जब मुझे यह किरदार ऑफर हुआ, तो मैं समझ गया था कि यह सिर्फ एक किरदार नहीं, बल्कि बहुत बड़ी जिम्मेदारी है. मेरे मन में सबसे पहले डर आया कि क्या मैं इस किरदार को निभाने के काबिल हूं? क्या मैं इसे सही तरीके से निभा पाऊंगा? करोड़ों लोगों की आस्था भगवान श्रीराम से जुड़ी हुई है. हालांकि, बहुत जल्द मेरा यह डर कृतज्ञता में बदल गया.”

‘बेहतर इंसान बनने का मौका मिला’- रणबीर

रणबीर कपूर ने बताया कि उन्हें यह किरदार उस समय ऑफर हुआ था, जब वह पिता बने थे. इस वजह से उनके लिए यह मौका और भी खास बन गया. उन्होंने कहा, “मैं इस बात के लिए आभारी था कि जिंदगी के इस पड़ाव पर मुझे यह मौका मिला और एक बेहतर इंसान बनने का अवसर मिला. इसी दौरान मैं पिता बना था. मेरा मानना है कि यह फिल्म भगवान की तरफ से मिला एक तोहफा है. इसकी वजह से मुझे बेहतर इंसान बनने, रामायण को गहराई से समझने और इन बेहतरीन लोगों के साथ काम करने का मौका मिला.” रणबीर ने आगे कहा, “भगवान राम जैसा बनना आसान नहीं है, लेकिन उनसे कुछ सीख पाना भी हम सभी के लिए बहुत बड़ी बात है.”

दो हिस्सों में रिलीज होगी ‘रामायण’

रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे के अलावा फिल्म ‘रामायण’ में यश रावण, सनी देओल भगवान हनुमान और रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा के किरदार में नजर आएंगे. यह फिल्म हिंदू महाकाव्य रामायण पर आधारित दो हिस्सों में बनाई जा रही है. फिल्म का पहला हिस्सा 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है. दर्शकों को अब इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार है.

कहकशा परवीन

कहकशा परवीन

टीवी 9 डिजिटल हिंदी में बतौर सब एडिटर काम कर रहीं कहकशा परवीन को मीडिया इंडस्ट्री में 6 साल का अनुभव है. इन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया है और इलेक्ट्रोनिक मीडिया एंड टीवी प्रोडक्शन में डिप्लोमा किया है. कहकशा ने अपने करियर की शुरुआत बतौर रिपोर्टर की थी. इसके बाद नवोदया टाइम्स में मनोरंजन सेक्शन में कंटेंट लिखना और सेलिब्रेटिजी के इंटरव्यू लेती रही हैं. एबीपी नेटवर्क में भी कहकशा बतौर सब एडिटर मनोरंज की खबरें लिखती रही हैं. इन्हें ट्रैवल, फैशन, लाइफस्टाइल और एंटरटेनमेंट में लिखने और पढ़ने का शौक है.

Read More

google button