खरगोन के पिपल्या बुजुर्ग स्थित एक किराना मॉल में दो महिलाओं ने खरीदारी के बहाने सेल्स गर्ल को बातों में उलझाकर किराने का सामान साड़ी में छिपाकर चोरी कर ली। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
सेल्स गर्ल को बातों में उलझाया, साड़ी में छिपाया सामान
- Published: 27 Jul 2026, 09:23 AM IST
- Last Updated: 27 Jul 2026, 09:23 AM IST
खरगोन: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में एक किराना मॉल में दो महिलाओं द्वारा बेहद शातिर तरीके से चोरी करने का मामला सामने आया है। करही थाना क्षेत्र के पिपल्या बुजुर्ग स्थित एक किराना मॉल में खरीदारी के बहाने पहुंचीं महिलाओं ने सेल्स गर्ल को बातों में उलझाकर हजारों रुपये का किराना सामान साड़ी में छिपा लिया और बिना भुगतान किए फरार हो गईं। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पैकेट साड़ी के अंदर छिपाने शुरू कर दिए
जानकारी के अनुसार, दोनों महिलाएं सामान्य ग्राहकों की तरह मॉल में पहुंचीं और अलग-अलग सामान दिखाने की मांग करने लगीं। इस दौरान उन्होंने सेल्स गर्ल को लगातार बातचीत और सामान निकालने में व्यस्त रखा। जैसे ही कर्मचारी का ध्यान दूसरी ओर गया, महिलाओं ने मौका देखकर किराने के कई पैकेट अपनी साड़ी के अंदर छिपाने शुरू कर दिए। सीसीटीवी फुटेज में दोनों महिलाएं बेहद चालाकी से एक के बाद एक सामान छिपाती हुई दिखाई दे रही हैं। इसके बाद वे बिना बिल का भुगतान किए आराम से दुकान से बाहर निकल गईं।
चोरी की पूरी घटना सामने आ गई
घटना के बाद मॉल संचालक को महिलाओं की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली तो चोरी की पूरी घटना सामने आ गई। इसके बाद संचालक ने करही थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों महिलाओं की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही आसपास लगे अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है, ताकि उनके आने-जाने के रास्ते और पहचान का पता लगाया जा सके।
निगरानी बढ़ाने की मांग
पुलिस का कहना है कि संदिग्ध महिलाओं की पहचान होते ही उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों ने दुकानों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस ने दुकानदारों से अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखें, कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ाना जरूरी हो गया है।