Khargone RI Patwari Attack: खरगोन की महेश्वर तहसील में जमीन का सीमांकन करने पहुंची राजस्व विभाग की टीम पर हमला हो गया। आरोप है कि ग्राम भकलाय में ग्रामीणों ने टीम पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया। इसमें राजस्व निरीक्षक (RI) अभिषेक जमरा का एक पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि पटवारी राजा कुमार के सिर में चोट आई। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर कर दिया गया।

सीमांकन शुरू करते ही किया हमला

घटना दोपहर 2 से 3 बजे के बीच की है। भकलाय के रहने वाले जितेंद्र परमार के आवेदन पर राजस्व टीम जमीन का सीमांकन करने गांव पहुंची थी। आरोप है कि टीम ने जैसे ही काम शुरू किया, पहले से मौजूद नादान सिंह मालिवाड़, पन्नालाल भूरिया, बलवंत परमार, नारायण परमार और उनके साथियों ने हमला कर दिया। हमलावरों में महिलाओं के शामिल होने की बात भी कही गई है।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया

हमले में घायल RI अभिषेक जमरा और पटवारी राजा कुमार को स्थानीय लोगों ने मंडलेश्वर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। दोनों की हालत को देखते हुए शाम करीब 6:30 बजे प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही SDM पूर्वा मंडलोई, SDOP श्वेता शुक्ला, तहसीलदार कैलाश सस्त्या, तहसीलदार संजय बावेल और थाना प्रभारी पंकज तिवारी समेत कई अधिकारी अस्पताल पहुंचे।

गिरफ्तारी नहीं हुई तो काम बंद करेंगे पटवारी

घटना के बाद अस्पताल में पटवारियों और राजस्व कर्मचारियों ने नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे काम नहीं करेंगे।

ये खबर भी पढ़ें: विदिशा में UGC बिल के विरोध में बंद, बाजार रहे बंद, सर्व समाज ने रैली निकालकर जताया विरोध

4 नामजद, 20 अज्ञात के खिलाफ केस

पुलिस ने चार लोगों को नामजद करते हुए 20 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी पंकज तिवारी और SDOP श्वेता शुक्ला के मुताबिक, आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ के आधार पर अन्य लोगों के नाम भी केस में जोड़े जाएंगे। फिलहाल पुलिस और राजस्व विभाग आगे की कार्रवाई में जुटे हैं।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें: https://chat.whatsapp.com/IXahwEVgJHyHpyGZjyYpHk