केयू में वीडियो बनाने पर प्रोफेसर के साथ मारपीट की गई, युवकों ने उनका कॉलर पकड़कर खींचा।
कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी (KUK) कैंपस में लॉ फैकल्टी के असिस्टेंट प्रोफेसर को पीटने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी आशीष उर्फ टोबो कैथल जिले के झांबा गांव का रहने वाला है। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था। CIA-2 की टीम न
.
अब पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि घटना के बारे में पूछताछ की जा सके। आरोपियों ने पहले अपनी मॉडिफाई स्कॉर्पियो से स्कूटी सवार दो युवतियों को टक्कर मारी थी। इसकी वीडियो बनाने पर प्रोफेसर ने उनका विरोध किया था। इस पर आरोपियों ने प्रोफेसर को थप्पड़ मारे थे।

16 अक्टूबर को पकड़े गए आरोपी।
2 नाबालिग समेत 5 आरोपी पहले पकड़े गए
CIA-2 के इंचार्ज मनदीप सिंह ने बताया कि आरोपी आशीष उर्फ टोबो को गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले पुलिस तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और दो नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया गया था। इस तरह मामले में अब तक 5 आरोपी पकड़े जा चुके हैं। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में आगे की जांच करेगी।
स्कॉर्पियो से युवतियों की स्कूटी को मारी थी टक्कर
घटना 14 अक्टूबर की शाम करीब 4 बजे की है। KUK कैंपस में मॉडिफाई काली स्कॉर्पियो ने स्कूटी पर जा रही दो युवतियों को टक्कर मार दी थी। टक्कर लगने से दोनों युवतियां सड़क पर गिर गई थीं और उनकी स्कूटी स्कॉर्पियो के टायरों के बीच फंस गई थी। घटना के वीडियो भी सामने आए थे, जिनमें स्कॉर्पियो की टक्कर लगने के बाद युवतियों को सड़क पर गिरते देखा गया था।
इसी दौरान लॉ फैकल्टी के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. जतिन गहलोन वहां से गुजर रहे थे। युवतियों को सड़क पर गिरा देखकर उन्होंने मदद के लिए अपना वाहन रोक लिया। प्रोफेसर के मुताबिक, मौके पर कुछ युवक युवतियों की मोबाइल से वीडियो बना रहे थे। उन्होंने युवकों को ऐसा करने से रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया।

स्कूटी सवार युवतियों को टक्कर मारता स्कॉर्पियो सवार। टक्कर लगते ही युवतियां कई फीट दूर जाकर गिरीं।
कॉलर पकड़कर मारे थे थप्पड़
आरोप है कि युवकों ने उनका कॉलर पकड़ा और थप्पड़ मारे। उन्हें जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया था। मौके पर मौजूद अन्य युवकों ने बीच-बचाव कर प्रोफेसर को छुड़ाया। प्रोफेसर की शिकायत पर KUK थाना में केस दर्ज किया गया था। मामले की जांच थर्ड गेट पुलिस चौकी की टीम कर रही है।
पुलिस ने 16 अक्टूबर को कार्रवाई करते हुए आर्यन निवासी घराड़सी, जिला कुरुक्षेत्र, रवि निवासी नरवाना, जिला जींद और निशांत निवासी खनौदा, जिला कैथल को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा कैथल जिले के दो नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया गया था। मुख्य आरोपी आशीष घटना के बाद से फरार था, जिसे अब CIA-2 की टीम ने पकड़ लिया है।

16 अक्टूबर को प्रदर्शन के दौरान चौकी में आरोपियों के साथ बर्थडे सेलिब्रेट की वीडियो दिखाते प्रोफेसर।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हुआ प्रदर्शन
घटना के वीडियो सामने आने के बाद KUK के स्टूडेंट्स और प्रोफेसर्स ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई थी। 16 अक्टूबर को प्रदर्शनकारी वीसी ऑफिस के सामने धरने पर बैठ गए थे। उनका आरोप था कि पुलिस कार्रवाई में देरी कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस चौकी में आरोपियों के साथ बर्थडे मनाने का आरोप भी लगाया था।
इस घटना के बाद यूनिवर्सिटी कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठे थे। घटना के बाद KUK प्रशासन ने कैंपस में सुरक्षा बढ़ाने का दावा किया है। यूनिवर्सिटी में आने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। बिना नंबर प्लेट वाली गाड़ियों को प्रवेश नहीं दिया जा रहा। इसके अलावा निर्धारित स्टिकर नहीं लगाने वाले वाहनों की एंट्री पर भी रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।