September 29, 2026 22 बार देखा गया
छतरपुर जिले में थाना कोतवाली अंतर्गत आने वाले इलाके में एक महिला ने अपने देवर पर मारपीट, गाली-गलौज, धमकी देने और आपत्तिजनक व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। 11 सितम्बर को देवर ने भाभी के साथ झगड़ा किया और मारपीट की। महिला का आरोप है कि कोतवाली के चक्कर लगाने के बावजूद शिकायत नहीं लिखी गई। इस वजह से 28 सितम्बर 2026 को महिला एसपी कार्यालय पहुंची।

छतरपुर में एसपी कार्यालय पहुंची महिला (फोटो साभार: अलीमा)
रिपोर्ट – अलीमा, लेखन – सुचित्रा
क्या है पूरा मामला
महिला जो कि 29 साल की है, उन्होंने खबर लहरिया की रिपोर्टर को बताया कि उसके पति काम के सिलसिले में बाहर रहते हैं। वह बच्चों के साथ घर पर रहती है। ऐसे में देवर का इस तरह का बर्ताव से महिला को डर लगता है।
भाभी के साथ कथित मारपीट और गाली गाली-गलौज
महिला ने बताया कि 11 सितंबर को उसकी बेटी साइकिल चला रही थी। इसी दौरान देवर का पानी का डिब्बा गिर गया। इसी बात को लेकर देवर ने उसके साथ मारपीट की और गाली-गलौज की। इससे पहले भी वह कई दिनों से परेशान कर रहा था।
महिला का आरोप- थाने में सुनवाई नहीं हुई
महिला का कहना है कि 11 सितम्बर को हुई घटना के बाद वह शिकायत लेकर थाना कोतवाली पहुंची थी। वहां मौजूद छोटे पुलिसकर्मियों और मुंशी ने इसे पारिवारिक विवाद बताते हुए उसे वापस जाने को कहा। उन्होंने कहा परिवार में छोटे-मोटे विवाद होते रहते हैं और वह घर जाकर मामला सुलझाए।
रिश्तेदारों द्वारा महिला के साथ की गई हिंसा – NCRB
द प्रिंट की रिपोर्ट के अनुसार 2024 के NCRB के ताजा आंकड़ों में सामने आया कि भारत में पति या उसके रिश्तेदारों द्वारा महिला के साथ हिंसा के 1,20,227 मामले दर्ज हुए। यह महिलाओं के खिलाफ दर्ज अपराधों का सबसे बड़ा हिस्सा है।
महिला पहुंची एसपी कार्यालय
29 स्तिम्बर 2026 को वह एसपी (पुलिस अधीक्षक) कार्यालय पहुंची और शिकायत दर्ज की। महिला ने कहा अगर परिवार के भीतर ही कोई व्यक्ति इस तरह का व्यवहार करे तो उसके खिलाफ शिकायत करना और भी मुश्किल हो जाता है। उसने पुलिस से मामले में कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।

महिला की तरफ से थाने में दिया गया पुलिस अधीक्षक (एसपी) को शिकायत पत्र (फोटो साभार: अलीमा)
पुलिस बोली- शिकायत दर्ज की गई, आरोपी घर पर नहीं मिला
महिला के आरोपों को ख़ारिज करते हुए थाना कोतवाली के टीआई (थाना प्रभारी) सतीश सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद टीम महिला के बताए स्थान पर पहुंची थी, लेकिन आरोपी घर पर नहीं मिला। महिला को आश्वस्त किया गया था कि आरोपी के मिलने पर उससे पूछताछ की जाएगी और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने महिला के यह आरोप गलत बताए कि उसकी शिकायत नहीं सुनी गई।
एसपी बोले- आरोपी की तलाश जारी
छतरपुर एसपी रजत सकलेचा ने खबर लहरिया को बताया कि इस संबंध में थाने से जानकारी ली गई है और पुलिस ने बताया कि 11 सितंबर को महिला की शिकायत ली गई थी। फिलहाल आरोपी की तलाश की जा रही है। उसके मिलने के बाद पूछताछ की जाएगी और पूछताछ तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’
If you want to support our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our premium product KL Hatke