मुंबई (उत्तम हिन्दू न्यूज): भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) ने अपनी 70वीं वर्षगांठ के खास अवसर पर ग्राहकों के लिए दो नई बीमा योजनाओं का तोहफा दिया है। एलआईसी के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ आर. दोराईस्वामी ने देशव्यापी स्तर पर ‘एलआईसी बीमा प्लेटिनम’ (Plan 770) और ‘एलआईसी जीवन रक्षा’ (Plan 894) को औपचारिक रूप से पेश किया। ये दोनों नई योजनाएं 7 सितंबर 2026 से ग्राहकों के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध हो जाएंगी।

बचत और सुरक्षा का संगम है ‘बीमा प्लेटिनम’

एलआईसी का बीमा प्लेटिनम एक नॉन-लिंक्ड, नॉन-पार्टिसिपेटिंग व्यक्तिगत जीवन बीमा प्लान है, जिसे बचत और परिवार की वित्तीय सुरक्षा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इस सीमित प्रीमियम योजना में प्रीमियम भुगतान अवधि (PPT) के दौरान प्रत्येक वर्ष के अंत में प्रति ₹1,000 के वार्षिक प्रीमियम पर ₹70 की दर से गारंटीड एडिशन दिया जाएगा। इसके अलावा पॉलिसीधारक के जीवित रहने पर (PPT + 5वें) वर्ष के अंत में मूल बीमा राशि (सम एश्योर्ड) का 70 प्रतिशत बूस्टर इनकम के रूप में मिलेगा, जबकि भुगतान अवधि के दौरान हर साल 10 प्रतिशत रेगुलर इनकम का लाभ भी दिया जाएगा। इस योजना में न्यूनतम बेसिक सम एश्योर्ड ₹3 लाख रखा गया है, जबकि अधिकतम की कोई सीमा नहीं है। इसमें 30 दिन के नवजात से लेकर 55 वर्ष तक के लोग 7 से 18 साल तक की प्रीमियम अवधि चुनकर शामिल हो सकते हैं।

कम खर्च में बड़ा सुरक्षा कवच देगा ‘जीवन रक्षा’ प्लान

वहीं दूसरी तरफ, एलआईसी ने परिवार को किफायती दरों पर पुख्ता सुरक्षा प्रदान करने के लिए ‘जीवन रक्षा’ योजना शुरू की है। यह एक नॉन-पार्टिसिपेटिंग, नॉन-लिंक्ड प्योर रिस्क टर्म प्लान है, जिसके तहत पॉलिसी अवधि के दौरान पॉलिसीधारक के असमय निधन पर नॉमिनी को गारंटीड और फिक्स डेथ बेनिफिट दिया जाएगा। इस प्लान में 18 वर्ष से 45 वर्ष तक के लोग प्रवेश पा सकते हैं। योजना में न्यूनतम सम एश्योर्ड ₹5 लाख और अधिकतम ₹24 लाख निर्धारित किया गया है। ग्राहकों की सहूलियत के लिए इसमें सिंगल, रेगुलर और लिमिटेड प्रीमियम भुगतान के विकल्प रखे गए हैं।

महिलाओं को विशेष छूट और 7 सितंबर से बिक्री शुरू

जीवन रक्षा योजना में महिला पॉलिसीधारकों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष रियायती प्रीमियम दरें तय की गई हैं, साथ ही उच्च सम एश्योर्ड चुनने पर आकर्षक छूट का प्रावधान भी रखा गया है। दोनों ही नए उत्पादों में ग्राहक अपनी जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त राइडर जोड़कर सुरक्षा दायरा बढ़ा सकते हैं। एलआईसी के अनुसार, इच्छुक ग्राहक 7 सितंबर से निगम के अधिकृत एजेंटों, कॉर्पोरेट ब्रोकर्स या आधिकारिक वेबसाइट www.licindia.in के जरिए इन पॉलिसियों को सीधे खरीद सकेंगे।

You Might Be Interested In

  • वक्फ बोर्ड का बड़ा फैसला, अब दूसरे निकाह पर रोक, जारी होगा नया निकाहनामा
  • सिंधु जल समझौते पर पाकिस्तान ने जोड़े हाथ, भारत के जवाब के बाद पाक विदेश मंत्रालय ने लगाई गुहार
  • परिवार में 200 सालों में पहली बार जन्मी बेटी, परिवार ने रथ में बिठाकर ढोल-नगाड़ों से किया स्वागत
  • गुरदासपुर में कांस्टेबल पर हमला साबित करता है कि पंजाब में नशा माफिया बेखौफ: रंधावा
  • आइसक्रीम बाजार में अंबानी की एंट्री, 10 रुपए से शुरू होगी ‘बॉम्बे क्रीमरी’, कई कंपनियों की उड़ी नींद
  • राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO बने पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा, संभालेंगे मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था