जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LoC) के उस पार बारूदी सुरंग जैसे विस्फोटक की चपेट में आने से पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (PoK) के चार लोगों की मौत हो गई. यह घटना सोमवार शाम करीब 5 बजे से 5:30 बजे के बीच PoK के हजीरा तहसील के महंदहाला गांव में हुई. घटना के बाद नियंत्रण रेखा पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी गई है. मिली जानकारी के मुताबिक, चारों लोग कृषि भूमि में पानी की पाइपलाइन बिछाने का काम कर रहे थे. इसी दौरान वे कथित तौर पर जमीन में मौजूद विस्फोटक सामग्री की चपेट में आ गए. धमाका इतना गंभीर था कि चारों की मौत हो गई.
बताया जा रहा है कि यह घटना PoK के पुंछ जिले की हजीरा तहसील के महंदहाला गांव में हुई, जो बट्टल-मंधोल यूनियन काउंसिल के अंतर्गत आता है. यह इलाका भारतीय क्षेत्र के पुंछ सेक्टर में कृष्णा घाटी के सामने नियंत्रण रेखा के दूसरी तरफ स्थित है.
मृतकों के आतंकी कनेक्शन की पुष्टि नहीं
सूत्रों के मुताबिक, मृतकों में फैजान सगीर नाम के एक व्यक्ति का भी जिक्र किया गया है, जिसे जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (JKLF) से जुड़ा सहयोगी बताया जा रहा है. हालांकि, फिलहाल ऐसी कोई पुष्ट जानकारी सामने नहीं आई है, जिससे चारों मृतकों की किसी आतंकी गतिविधि में संलिप्तता साबित होती हो. विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी भी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है.
LoC पर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
घटना के बाद नियंत्रण रेखा से सटे इलाकों में सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है. अधिकारियों के मुताबिक, सीमा पर निगरानी बढ़ाई गई है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके और घुसपैठ की किसी संभावित कोशिश को रोका जा सके. फिलहाल, इस घटना को लेकर विस्फोट के कारणों और अन्य परिस्थितियों से जुड़ी जानकारी का इंतजार है.

रमन सैनी
रमन सैनी एक वरिष्ठ टेलीविजन पत्रकार हैं, जिन्हें 25 वर्षों से अधिक का अनुभव है. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष में स्पेशल रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं. इससे पहले इंडिया डेली लाइव में जम्मू कश्मीर ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी निभा चुके हैं. रमन सैनी ने अपने करियर के 15 वर्ष इंडिया टीवी के साथ बिताए. इसके बाद उन्होंने इंडिया डेली लाइव जॉइन किया, जहां से जम्मू कश्मीर की अहम रिपोर्टिंग का नेतृत्व किया. उनकी पत्रकारिता का मुख्य फोकस संघर्ष क्षेत्र, आंतरिक सुरक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर रहा है. रमन सैनी ने आतंकवाद, सीमा पार घुसपैठ और लगातार होने वाली क्रॉस बॉर्डर फायरिंग की व्यापक ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन हमला, दीनानगर पुलिस स्टेशन हमला जैसे बड़े आतंकी मामलों की कवरेज के अलावा उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयर स्ट्राइक और पहलगाम आतंकी हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर जैसी सैन्य कार्रवाइयों को भी कवर किया है.
Read More