Sep 09, 2026 10:55 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

मुख्य बातें

  • दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड (DBL) ने अपने बिजनेस को लेकर एक बड़ा अपडेट दिया है
  • एक प्रोजेक्ट में इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (EPC) वर्क से कंपनी के लिए करीब ₹1800 करोड़ का कारोबार बनने की संभावना है
share market

36 महीने का है काम

Dilip buildcon news: इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर की कंपनी दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड (DBL) ने अपने बिजनेस को लेकर एक बड़ा अपडेट दिया है। दरअसल, कंपनी को पेट्रोलियम एंड नेचुरल गैस रेगुलेटरी बोर्ड (PNGRB) से ओडिशा के पारादीप से छत्तीसगढ़ के रायपुर तक LPG पाइपलाइन बनाने के लिए लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) मिला है। इस परियोजना में प्रस्तावित इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (EPC) वर्क से कंपनी के लिए करीब ₹1800 करोड़ का कारोबार बनने की संभावना है। यह प्रोजेक्ट एक स्पेशल पर्पस व्हीकल (SPV) के जरिए पूरा किया जाएगा, जिसमें दिलीप बिल्डकॉन की 100% हिस्सेदारी होगी।

36 महीने में पूरा करना है काम

इस प्रोजेक्ट के इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन वर्क को 36 महीनों में पूरा किया जाना है। लेटर ऑफ इंटेंट के तहत PNGRB अधिकृत कंपनी को लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) के ट्रांसपोर्टेशन के लिए पेट्रोलियम और पेट्रोलियम प्रोडक्ट पाइपलाइन बिछाने, बनाने, चलाने या उसका विस्तार करने का एक्सक्लूसिव लाइसेंस देगा। इस प्रोजेक्ट में पाइपलाइन की फाइनेंसिंग, कंस्ट्रक्शन और ऑपरेशन शामिल है। इसमें तीन साल के कंस्ट्रक्शन पीरियड के बाद 25 साल तक ऑपरेशन का समय शामिल होगा। दिलीप बिल्डकॉन की SPV परियोजना के तहत पाइपलाइन का डिजाइन, फाइनेंसिंग, विकास, निर्माण, संचालन और रखरखाव करेगी। हालांकि, इन गतिविधियों के लिए जरूरी सभी नियामकीय मंजूरियां और अन्य वैधानिक अनुमति हासिल करना जरूरी होगा।

यह पाइपलाइन अलग-अलग ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) के बॉटलिंग प्लांट तक LPG के ट्रांसपोर्टेशन में मदद करेगी। इसे 'कॉमन कैरियर' के तौर पर चलाने का भी प्रस्ताव है। इसका मतलब है कि पेट्रोलियम एंड नेचुरल गैस रेगुलेटरी बोर्ड के लागू नियमों के तहत पात्र OMCs और अन्य उपयोगकर्ता पाइपलाइन की उपलब्ध क्षमता का इस्तेमाल कर सकेंगे।

LPG की खरीद या बिक्री का नहीं होगा काम

कंपनी ने स्पष्ट किया है कि उसका कारोबार LPG की खरीद या बिक्री से जुड़ा नहीं होगा। दिलीप बिल्डकॉन ने कहा कि वह LPG की खरीद, ट्रेडिंग, डिस्ट्रीब्यूशन या बिक्री में शामिल नहीं होगी और LPG की खरीद और मार्केटिंग से जुड़े कमर्शियल रिस्क नहीं उठाएगी। SPV के जरिए उसकी भूमिका पाइपलाइन इंफ्रास्ट्रक्चर को डेवलप और ऑपरेट करने और ट्रांसपोर्टेशन सर्विस देने की होगी। कंपनी ने यह भी बताया कि प्रमोटर और प्रमोटर ग्रुप की कंपनियों का कॉन्ट्रैक्ट देने वाली संस्था में कोई हित नहीं है और यह प्रोजेक्ट 'रिलेटेड-पार्टी ट्रांज़ैक्शन' के दायरे में नहीं आता है।

शेयर का परफॉर्मेंस

सप्ताह के तीसरे दिन बुधवार को दिलीप बिल्डकॉन के शेयर निगेटिव जोन में बंद हुए। इस शेयर की क्लोजिंग 392.45 रुपये पर हुई। मार्च 2026 में शेयर 381.75 रुपये पर था। यह शेयर के 52 हफ्ते का लो है। वहीं, शेयर के 52 हफ्ते का हाई 587.90 रुपये है।