स्थिति को शांत करने के लिए पुलिस अधिकारियों ने छात्र प्रतिनिधियों और यूनिवर्सिटी प्रबंधन के साथ बातचीत की. पुलिस ने छात्रों को दर्ज FIR और SIT जांच की जानकारी भी दी.

स्थिति को शांत करने के लिए पुलिस अधिकारियों ने छात्र प्रतिनिधियों और यूनिवर्सिटी प्रबंधन के साथ बातचीत की. पुलिस ने छात्रों को दर्ज FIR और SIT जांच की जानकारी भी दी.

author-image

New Update

LPU phagwara student protest violence police clash vehicles fire

LPU Student Protest

पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रों का प्रदर्शन रविवार को हिंसक हो गया. कथित यौन उत्पीड़न की घटना को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और पुलिस के बीच झड़प हुई. इस दौरान पथराव किया गया और कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया. पुलिस के मुताबिक, एक पुलिस वाहन में आग भी लगा दी गई. घटना के बाद यूनिवर्सिटी परिसर और आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

कथित रेप की खबर के बाद शुरू हुआ प्रदर्शन

प्रदर्शन की शुरुआत शनिवार देर रात लड़कियों के हॉस्टल के पास से हुई. छात्रों के बीच एक महिला छात्रा के साथ कथित रेप की खबर फैलने के बाद बड़ी संख्या में छात्र एकत्र हुए. छात्रों का आरोप था कि हॉस्टल में रहने वाली छात्रा के साथ कथित तौर पर एक कर्मचारी ने यौन हिंसा की और मामले की जानकारी यूनिवर्सिटी प्रशासन को दी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई.

हालांकि, शुरुआती चरण में पुलिस ने कहा था कि उसे इस तरह की घटना की कोई आधिकारिक शिकायत नहीं मिली थी. बाद में एक छात्रा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रेप का मामला दर्ज किया और जांच के लिए विशेष जांच दल यानी SIT गठित किया. पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच वैज्ञानिक तरीके से की जाएगी.

हाईवे किया जाम, परिसर में तोड़फोड़

प्रदर्शन बढ़ने के बाद छात्रों ने यूनिवर्सिटी के बाहर जालंधर-फगवाड़ा नेशनल हाईवे को भी जाम कर दिया. इससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ. यूनिवर्सिटी परिसर में खिड़कियों के शीशे और अन्य सामान क्षतिग्रस्त किए जाने की भी खबर है. कुछ जगहों पर सामान में आग लगाए जाने के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए.

रविवार शाम स्थिति और बिगड़ गई. पुलिस के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाकर्मियों पर पथराव किया. जवाब में पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग किया. इस दौरान पुलिसकर्मियों समेत कई लोगों के घायल होने की सूचना है. कुछ पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया और एक वाहन में आग लगा दी गई.

पुलिस ने छात्रों से की बातचीत

स्थिति को शांत करने के लिए पुलिस अधिकारियों ने छात्र प्रतिनिधियों और यूनिवर्सिटी प्रबंधन के साथ बातचीत की. पुलिस ने छात्रों को दर्ज FIR और SIT जांच की जानकारी भी दी. इसके बावजूद छात्रों की कई मांगों को लेकर गतिरोध बना रहा. छात्र प्रशासन से जांच में पारदर्शिता और अपनी सुरक्षा को लेकर आश्वासन मांग रहे हैं.

LPU ने आरोपों को बताया अफवाह

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी प्रशासन ने कथित रेप और आत्महत्या से जुड़ी सोशल मीडिया पर चल रही खबरों को झूठा और भ्रामक बताया है. यूनिवर्सिटी का कहना है कि कुछ असामाजिक तत्व अफवाह फैलाकर कैंपस का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं. प्रशासन ने छात्रों, अभिभावकों और आम लोगों से सोशल मीडिया पर अपुष्ट जानकारी साझा नहीं करने और केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करने की अपील की है.

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. कथित यौन उत्पीड़न की घटना की सच्चाई, इसमें किसी व्यक्ति की भूमिका और प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा—इन सभी पहलुओं की अलग-अलग जांच की जा रही है. पुलिस की जांच और SIT की रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट होगी.