Luxury Car: स्कोडा ऑटो इंडिया की ऑक्टाविया आरएस महज 6.4 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है। इस परफॉर्मेंस सेडान में कई एडवांस फीचर्स शामिल हैं।

Skoda Octavia RS

स्कोडा ऑक्टाविया आरएस का दूसरा बैच पेश

  • Published: 06 Sep 2026, 06:09 PM IST
  • Last Updated: 06 Sep 2026, 06:09 PM IST

Luxury Car: स्कोडा इंडिया ने भारत में ऑक्टाविया आरएस का दूसरा बैच पेश कर दिया है। इस बैच में सिर्फ 50 यूनिट शामिल हैं। इस लग्जरी कार की एक्स-शोरूम कीमत ₹56.69 लाख रखी गई है, जो पिछले साल नवंबर में लॉन्च के समय ₹49.99 लाख थी। यानी इसकी कीमत में करीब ₹6.70 लाख की बढ़ोतरी हुई है। आइए जानते हैं इस परफॉर्मेंस सेडान के इंजन, डिजाइन, फीचर्स और सुरक्षा से जुड़ी खास बातें।

इंजन और परफॉर्मेंस
स्कोडा ऑक्टाविया आरएस को भारत में पूरी तरह निर्मित इकाई यानी सीबीयू के तौर पर आयात किया जाता है। इसमें 2.0-लीटर टीएसआई टर्बो पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 265 पीएस की पावर और 370 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। इंजन को 7-स्पीड डीएसजी ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से जोड़ा गया है।

कंपनी के मुताबिक, ऑक्टाविया आरएस के पहले बैच को उम्मीद से ज्यादा मांग मिली थी। इसी वजह से दूसरे बैच को भी सिर्फ 50 यूनिट तक सीमित रखा गया है।

तीन रंगों में उपलब्ध
नई ऑक्टाविया आरएस को तीन रंगों—माम्बा ग्रीन, वेलवेट रेड और मैजिक ब्लैक—में खरीदा जा सकेगा। इसके बाहरी डिजाइन की खासियतों में फुल-एलईडी मैट्रिक्स हेडलैंप, डायनेमिक इंडिकेटर के साथ एलईडी टेल लैंप, ग्लॉस ब्लैक डिजाइन एलिमेंट्स और 19-इंच के एलियास एंथ्रासाइट अलॉय व्हील शामिल हैं। इनमें 225/50 आर19 टायर दिए गए हैं।

इंटीरियर और फीचर्स
केबिन में रेड कॉन्ट्रास्ट एलिमेंट्स के साथ स्पोर्टी इंटीरियर दिया गया है। इसमें हीटिंग और मसाज फंक्शन वाली इलेक्ट्रिकली एडजस्टेबल स्पोर्ट्स फ्रंट सीटें मिलती हैं।

इसके अलावा कार में वर्चुअल कॉकपिट, एंबिएंट लाइटिंग, थ्री-जोन क्लाइमेट कंट्रोल और वायरलेस चार्जिंग जैसे फीचर्स दिए गए हैं।

सुरक्षा फीचर्स
सुरक्षा के लिए ऑक्टाविया आरएस में 10 एयरबैग दिए गए हैं। इसके अलावा इसमें एडीएएस पैकेज मिलता है, जिसमें अडेप्टिव क्रूज कंट्रोल, ऑटोनॉमस इमरजेंसी ब्रेकिंग और लेन असिस्ट जैसे फीचर्स शामिल हैं।

कार में इंटेलिजेंट पार्क असिस्ट, 360-डिग्री एरिया व्यू कैमरा, हेड-अप डिस्प्ले और आईएसओफिक्स चाइल्ड सीट माउंट भी दिए गए हैं।

भारत में अब तक की सबसे पावरफुल ऑक्टाविया आरएस
ऑक्टाविया आरएस का परफॉर्मेंस वर्जन पहली बार 2004 में भारत आया था। इसके बाद लॉरा आरएस, ऑक्टाविया आरएस 230 और ऑक्टाविया आरएस 245 जैसे मॉडल बाजार में आए। मौजूदा ऑक्टाविया आरएस इस सीरीज की भारत में पेश की गई अब तक की सबसे पावरफुल कार है।

परफॉर्मेंस की बात करें तो यह कार महज 6.4 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी टॉप स्पीड 250 किमी/घंटा पर सीमित है।

(मंजू कुमारी)