Published: Tuesday, July 21, 2026, 16:56 [IST]
Munger Madhu Kumari Murder Case: बिहार के मुंगेर में मधु कुमारी हत्याकांड को लेकर इंस्पेक्टर पति की खौफनाक साजिश चकनाचूर हो गई। पत्नी मधु कुमारी की हत्या के आरोप में इंस्पेक्टर पति को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया। 5 महीने ने इंस्पेक्टर के बुने झूठे जाल में लगातार पुलिस फंसती रही।
मृतका मधु की पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट ने इंस्पेक्टर की पोल खोल दी। पुलिस के मुताबिक, पति ने खुद ही अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या की। उसके बाद, लगातार गुमराह करता रहा। आइए विस्तार से जानते हैं कि कैसे पति ने पुलिस को चकरघिन्नी बनाया?
मामला मुंगेर के सफियासराय थाना क्षेत्र का है। यहां की रहने वाली मधु कुमारी की 11 अप्रैल 2026 की शाम गोली लगने से मौत हो गई। पति चंदन कुमार ने दावा किया कि उनकी पत्नी डिप्रेशन के कारण खुद को गोली मार ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतका के परिजनों ने इंस्पेक्टर दामाद पर दहेज प्रताड़ना, मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगाया। इतना ही नहीं, परिवार ने यह भी दावा किया कि शादी के बाद से ही बेटी लगातार तनाव में रहती थी और घर में अक्सर विवाद होते थे।

Madhu Kumari Post mortem Report: पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली इंस्पेक्टर दामाद की पोल
मेडिकल बोर्ड (डॉ. रमन, डॉ. रुपेश और डॉ. शशांक) ने मधु के शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बड़े खुलासे किए। बताया कि गोली मधु की छाती के बीचों-बीच लगी थी और पीठ को चीरते हुए बाहर निकली थी। खुदकुशी में गोली आमतौर पर कनपटी, मुंह या सिर पर लगती है, दूरी कम होती है और कोण अलग होता है। यहां गोली की दिशा, एंट्री-एग्जिट बिंदु और जख्म की प्रकृति हत्या की ओर इशारा कर रही थी। डॉक्टरों ने प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई, जिसके बाद पुलिस ने केस की दिशा बदल दी।

FSL और बैलेस्टिक रिपोर्ट ने पकड़ा चंदन

पांच महीने की गहन जांच के बाद FSL और बैलेस्टिक रिपोर्ट ने अंतिम मुहर लगा दी। जांच में पाया गया कि मधु की मौत इंस्पेक्टर चंदन कुमार की सर्विस रिवॉल्वर से हुई गोली से हुई। बताया गया कि मधु के शरीर में घुसी गोली और चंदर की पिस्तौल की गोली से मैच हो गई। यह अहम सबूत माना गया।
इंस्पेक्टर दामाद की साजिश का पर्दाफाश, जेल की सलाखों के पीछे
एसपी सैयद इमरान मसूद ने स्पष्ट किया कि वैज्ञानिक साक्ष्यों ने सच्चाई सामने ला दी। चंदन कुमार को पहले निलंबित किया जा चुका था और अब वे जेल में हैं। उनके खिलाफ IPC की हत्या (302), दहेज उत्पीड़न (498A) और अन्य धाराओं में कार्रवाई चल रही है।