रणवीर पिछले 4 साल से 'एमसीसी फाउंडेशन हब' की तरफ से खेल रहे हैं। वह फिलहाल 10वीं कक्षा के छात्र हैं और पढ़ाई के साथ-साथ क्रिकेट में भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।

Rohtak Ranveer Dangi award in London.

रोहतक के रणवीर दांगी को लॉर्ड्स ग्राउंड पर 'यंग अचीवर्स अवॉर्ड' से किया गया सम्मानित।

  • Published: 15 Jul 2026, 10:49 AM IST
  • Last Updated: 15 Jul 2026, 10:49 AM IST

रोहतक के रणवीर दांगी को लंदन में यंग अचीवर्स अवॉर्ड: लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट मैदान पर रोहतक के गांव मदीना के रहने वाले रणवीर दांगी ने खेल जगत में हरियाणा और भारत का नाम रोशन किया है। रणवीर को क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स ग्राउंड पर 'यंग अचीवर्स अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (MCC) के अध्यक्ष एड स्मिथ ने प्रदान किया। रणवीर को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार लॉर्ड्स मैदान पर खेले गए प्रथम महिला क्रिकेट टेस्ट मैच के दौरान दिया गया।

इसलिए मिला यह सम्मान (114 रनों की शानदार पारी)
दरअसल, मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (MCC) द्वारा 'यंग अचीवर्स अवॉर्ड्स' से उन चुनिंदा स्कूली छात्रों को सम्मानित किया गया है, जिन्होंने पिछले सीजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 या उससे अधिक रन बनाए थे या फिर 5 विकेट हासिल किए थे। रणवीर दांगी ने एमसीसी फाउंडेशन हब की ओर से खेलते हुए 114 रनों की धुआंधार शतकीय पारी खेली थी। देश भर से चुने गए महज 17 स्कूली छात्रों में रणवीर ने अपनी जगह बनाई।

4 साल से लंदन में दिखा रहे हैं दम
रणवीर दांगी फिलहाल 10वीं कक्षा के छात्र हैं और पिछले 4 साल से एमसीसी फाउंडेशन हब की तरफ से क्रिकेट खेल रहे हैं। वे पढ़ाई के साथ-साथ क्रिकेट में भी अपना पूरा समय दे रहे हैं। रणवीर के पिता धीरेंद्र दांगी मूल रूप से रोहतक के जाट स्कूल से पढ़े हैं और साल 2005 में उनका परिवार लंदन शिफ्ट हो गया था। आज रणवीर की इस सफलता से पूरे रोहतक और मदीना गांव में खुशी का माहौल है।

MCC फाउंडेशन क्रिकेट की दुनिया में एक बेहतरीन प्लेटफॉर्म
एमसीसी फाउंडेशन हब युवाओं के लिए क्रिकेट की दुनिया में करियर बनाने का एक बेहतरीन प्लेटफॉर्म है। यहाँ से ट्रेनिंग लेकर कई खिलाड़ी काउंटी टीमों और राष्ट्रीय स्तर तक पहुँच चुके हैं। देश भर के अलग-अलग हब की टीमें गर्मियों के दौरान नॉकआउट मैचों में हिस्सा लेती हैं।

क्रिकेट के नियमों का संरक्षक है MCC
1787 में स्थापित मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (MCC) क्रिकेट के नियमों का एकमात्र संरक्षक और निर्माता है। इसका मुख्यालय लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के गठन से पहले एमसीसी ही क्रिकेट की मुख्य संस्था थी और आज भी पूरा क्रिकेट जगत एमसीसी द्वारा बनाए गए नियमों का ही पालन करता है।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।