
अवैध इमारतों पर चला बुलडोजर.
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आदेश पर दिल्ली नगर निगम (MCD) राजधानी में अवैध निर्माण और खतरनाक भवनों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर रही है. लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और संभावित हादसों को रोकने के लिए ऐसे भवनों को ध्वस्त करने के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वाली संपत्तियों को सील भी किया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने निगम को निर्देश दिए हैं कि राजधानी में अवैध इमारतों के विरुद्ध ध्वस्तीकरण की कार्रवाई लगातार जारी रखी जाए और इसे और तेज किया जाए.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि 6 सितंबर से 10 अक्टूबर के बीच दिल्ली नगर निगम ने सभी 12 जोन में 1,046 संपत्तियों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई. इस दौरान 282 संपत्तियों को सील एवं 47 खतरनाक इमारतों को ध्वस्त किया गया.
सभी 12 जोन में कार्रवाई, नरेला से दक्षिण दिल्ली तक अभियान
6 सितंबर से 10 अक्टूबर के बीच नरेला जोन में 62, रोहिणी में 158, सिविल लाइंस में 63, केशवपुरम में 61, सिटी एसपी जोन में 87, करोल बाग में 85, शाहदरा साउथ में 87, शाहदरा नॉर्थ में 115, वेस्ट जोन में 87, नजफगढ़ में 45, सेंट्रल जोन में 75 और साउथ जोन में 121 संपत्तियों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई.
इसी दौरान नरेला में एक, रोहिणी में दो, सिविल लाइंस में आठ, केशवपुरम में 20, सिटी एसपी जोन में 87, शाहदरा साउथ में 27, शाहदरा नॉर्थ में 41, करोल बाग में 11, वेस्ट जोन में 23, नजफगढ़ में तीन ,सेंट्रल जोन में 18 और साउथ जोन में 41 संपत्तियों को सील किया गया. इस तरह सभी 12 जोन में कुल 282 संपत्तियों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई.
खतरनाक इमारतों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई. इस अवधि में नरेला में दो, रोहिणी में दो, सिविल लाइंस में आठ, केशवपुरम में दो, सिटी एसपी जोन में आठ, करोल बाग में 13, शाहदरा साउथ में एक, वेस्ट जोन में आठ, नजफगढ़ में एक और साउथ जोन में दो खतरनाक इमारतों को ध्वस्त किया गया. शाहदरा नॉर्थ और सेंट्रल जोन में इस अवधि के दौरान खतरनाक इमारतों के ध्वस्तीकरण की कोई कार्रवाई दर्ज नहीं की गई. इस प्रकार कुल 47 खतरनाक इमारतें ध्वस्त की गईं.
सीमापुरी में कार्रवाई, तीन मकानों को नोटिस
सीमापुरी में इमारत ढहने की घटना के बाद संबंधित एजेंसियों ने कार्रवाई करते हुए एक असुरक्षित इमारत को ध्वस्त किया. वहीं, दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड की ओर से तीन अन्य मकानों को नोटिस जारी किए गए हैं. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देशों के अनुरूप अवैध और असुरक्षित निर्माण के खिलाफ कार्रवाई जारी है.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि अवैध निर्माण और असुरक्षित इमारतों के मामलों में संबंधित एजेंसियों को नियमों के अनुसार कार्रवाई करनी होगी. जहां ध्वस्तीकरण जरूरी है, वहां इमारतों को गिराया जाएगा और जहां आवश्यक हो, संपत्तियों को सील किया जाएगा. यह कार्रवाई किसी एक इलाके तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि दिल्ली के सभी जोन में जारी रहेगी. सरकार का स्पष्ट उद्देश्य नियमों का पालन सुनिश्चित करना और संभावित हादसों के जोखिम को कम करना है.
ये भी पढ़ें- सरकार का दरवाजा जनता के लिए हमेशा खुला, जनसुनवाई में बोलीं दिल्ली की CM रेखा गुप्ता

जीतेन्द्र भाटी
करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पॉलिटिक्स, क्राइम, सामाजिक और मानवीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग. BAG Films की नर्सरी से IBN7, आज़ाद न्यूज़, प्रज्ञा TV, 4 रियल न्यूज, Focus News और न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया होते हुए देश के सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क TV9 भारतवर्ष में खबरों के बीच सफर जारी.
Read More