गांव ढाठरथ निवासी किसान रमेश ने आरोप लगाया कि मार्च 2026 में लीज खत्म होने के बाद भी कंपनी उनकी साढ़े 5 एकड़ जमीन पर कब्जा जमाए हुए है। जिसके बाद जांच अधिकारी महिपाल ने FIR दर्ज होने की पुष्टि की है और पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
जींद में बायो एनर्जी प्लांट के MD-GM समेत 4 पर पुलिस ने की FIR दर्ज।
- Published: 17 Sep 2026, 02:03 PM IST
- Last Updated: 17 Sep 2026, 02:03 PM IST
जींद में बायो एनर्जी प्लांट के MD-GM समेत 4 पर FIR: जींद जिले के पिल्लूखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव ढाठरथ में बायो एनर्जी प्लांट से जुड़े मामले में पुलिस ने कंपनी के एमडी समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। किसान ने आरोप लगाया है कि कंपनी ने पराली की गांठें रखने के लिए उसकी साढ़े 5 एकड़ जमीन तीन साल के लिए पट्टे पर ली थी। मार्च 2026 में लीज की अवधि खत्म होने के बाद भी जमीन खाली नहीं की गई। साथ ही कंपनी पर ₹2.94 लाख बकाया रखने का भी आरोप है।
3 साल के लिए 2023 में दी थी जमीन
गांव ढाठरथ निवासी किसान रमेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अलेवा रोड पर एलएलपी कंपनी का बायो एनर्जी प्लांट है। वर्ष 2023 में उसने प्लांट में इस्तेमाल होने वाली पराली की गांठों का स्टॉक करने के लिए अपनी साढ़े 5 एकड़ जमीन तीन साल के लिए कंपनी को पट्टे पर दी थी।
किसान के अनुसार, जमीन का किराया 50 हजार प्रति एकड़ प्रतिवर्ष तय हुआ था। एग्रीमेंट में हर साल प्रति एकड़ ₹1 हजार की बढ़ोतरी का प्रावधान भी था। पट्टे की अवधि मार्च 2026 में पूरी हो गई, लेकिन इसके बावजूद कंपनी ने जमीन खाली नहीं की।
रमेश ने 2.94 लाख बकाया होने का कंपनी पर लगाया आरोप
रमेश ने आरोप लगाया कि कंपनी ने उसे पूरी रकम एकमुश्त देने के बजाय अलग-अलग किश्तों में भुगतान किया। अभी भी 2.94 लाख बकाया है। किसान का कहना है कि लीज खत्म होने से पहले ही उसने कंपनी प्रबंधन को जमीन खाली करने के लिए कह दिया था, लेकिन न जमीन खाली की गई और न ही बकाया राशि का भुगतान किया गया।
पराली की गांठें जलाने से रोकने पर हुआ विवाद
किसान ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन उसकी जमीन पर रखी पराली की गांठों को जलाना चाहता था। उसने जमीन को नुकसान से बचाने के लिए गांठों में आग लगाने से रोक दिया। इसके बाद कंपनी ने अगले साल तक जमीन खाली करने से इनकार कर दिया। किसान के मुताबिक, जमीन पर कब्जा बने रहने से उसे आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानी भी हो रही है। इसी के चलते उसने पुलिस में शिकायत दी।
पुलिस ने किया MD समेत 4 लोगों के खिलाफ केस
पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर एलएलपी बायो एनर्जी कंपनी के एमडी श्रीनिवास सनापला, मैनेजर विनोद, फ्यूल सुपरवाइजर महेंद्र और अकाउंटेंट सचिन के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जांच अधिकारी महिपाल ने केस दर्ज होने की पुष्टि की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। FIR में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।