यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह के पास एमवी गोल्डन लियो जहाज पर हुए हमले में 4 भारतीय नागरिकों की मौत हो गई, जबकि एक घायल है. भारत ने इसे अस्वीकार्य बताते हुए रूस के राजदूत को तलब कर कड़ा विरोध दर्ज कराया.विदेश मंत्रालय ने वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाने और निर्दोष नागरिकों की जान को खतरे में डालने की निंदा की.

V गोल्डन लियो पर हमले में भारतीय नागरिकों की मौत
Share
यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह से रवाना हुए वाणिज्यिक मालवाहक जहाज एमवी गोल्डन लियो (MV GOLDEN LEO) पर हमला हुआ है. इस हमले 4 भारतीय नागरिकों की मौत हो गई वहीं एक भारतीय जख्मी हो गया जिसकी हालत नाजुक है. इस घटना को लेकर भारत ने नाराजगी जाहिर की है. विदेश मंत्रालय (MEA ) ने मंगलवार को रूस के प्रभारी राजदूत को तलब किया और कड़ा विरोध दर्ज कराया.
विदेश मंत्रालय के अनुसार 19 जुलाई की शाम को MV GOLDEN LEO नाम के जहाज पर हमला हुआ. उस समय जहाज ओडेसा बंदरगाह से रवाना हो रहा था. घटना के समय जहाज पर चालक दल के कुल 17 सदस्य मौजूद थे, जिनमें पांच भारतीय नागरिक भी शामिल थे.
विदेश मंत्रालय ने की निंदा
विदेश मंत्रालय ने इस घटना पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाना और निर्दोष नागरिकों की जान को खतरे में डालना पूरी तरह अस्वीकार्य है. विदेश मंत्रालय ने नई दिल्ली में रूस के प्रभारी राजदूत व्लादिमीर लादानोव को तलब किया. मंत्रालय ने जहाज पर हुए इस हमले को निंदनीय बताया और अपने नागरिकों की मौत के लिए जवाबदेही की मांग की.
विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस तरह के हमले अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार की सुरक्षा, स्थिरता और सुरक्षित आवाजाही को कमजोर करते हैं. भारत ने कहा कि वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाना और निर्दोष नागरिक चालक दल की जान को खतरे में डालना बेहद निंदनीय है. भारत ने स्पष्ट किया कि ऐसे हमलों से बचना चाहिए और समुद्री मार्गों से व्यापार एवं जहाजों की आवाजाही में किसी तरह की बाधा नहीं डाली जानी चाहिए.
प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता
विदेश मंत्रालय ने कहा कि यूक्रेन में भारतीय दूतावास पूरे घटनाक्रम पर करीबी नजर बनाए हुए है और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता देने की कोशिश कर रहा है. मंत्रालय ने मृत भारतीय नागरिकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायल भारतीय नागरिक के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.
हमले में चार भारतीयों की मौत
यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्री सिबिहा ने जानकारी दी थी कि रविवार को रूस ने यूक्रेन के समुद्री रास्ते से गुजर रहे एक नागरिक जहाज पर हमला किया था और इसके क्रू में सीरिया और भारत के नागरिक शामिल थे. इस हमले में चार भारतीयों की मौत हुई. रूस-यूक्रेन संघर्ष में भारतीय नाविकों की मौत का यह पहला मामला है. यूक्रेनी वायु सेना ने बताया कि गिनी-बिसाऊ के झंडे वाले इस जहाज पर रूसी क्रूज मिसाइलों से हमला किया गया.यूक्रेन की वायुसेना ने बताया कि रूसी सेना ने तीन केएच-59/केएच-69 क्रूज मिसाइलें दागीं. यह हमला ऐसे समय हुआ है जब रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष लगातार बढ़ रहा .

जूही उरूषा खान
जूही उरूषा खान पिछले 12 साल से पत्रकारिता से जुड़ी हुई हैं. भोपाल के माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय से फिल्म जर्नलिज्म की पढ़ाई की. इसके बाद दिल्ली आकर BAG में एंटरटेनमेंट बीट पर इंटर्नशिप की. बाद में CNEB न्यूज चैनल में एंटरटेनमेंट बीट में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया, साथ ही प्रोग्रामिंग को भी देखा.<p></p>CNEB के बाद VOICE OF INDIA में एंटरटेनमेंट बीट पर बतौर असिस्टेंट प्रोड्यूसर काम करना शुरू किया. यहां से फिर जनसंदेश न्यूज चैनल के साथ जुड़ीं और प्रोग्रामिंग में काम किया. इसके बाद 4 REAL NEWS चैनल में करीब चार साल न्यूज के साथ ही प्रोग्रामिंग और धार्मिक शोज पर काम किया.<p></p>यहां से राज्यसभा टीवी का रुख किया और प्रोग्रामिंग में काम किया. इसके साथ ही एंकरिंग करना भी शुरू की. इसके बाद सूर्या समाचार में प्रोग्रामिंग में एंटरटेनमेंट बीट पर बतौर प्रोड्यूसर काम किया.<p></p>जी बिहार झारखंड में भी काम करने का अनुभव है. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष से जुड़ी हुई हैं.
Read More
Follow Us