Published: Monday, September 7, 2026, 10:26 [IST]
Mirzapur The Movie Box Office Collection Day 3: 'मिर्जापुर' वेब सीरीज के बाद अब 'मिर्जापुर द मूवी' भी दर्शकों के बीच अपना भौकाल बनाने में कामयाब होती नजर आ रही है। पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु शर्मा जैसे सितारों से सजी इस फिल्म को सिनेमाघरों में दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। रिलीज के बाद से ही फिल्म की कमाई की रफ्तार तेज बनी हुई है और शुरुआती तीन दिनों में ही इसने 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है।
'मिर्जापुर द मूवी' को दर्शकों से मिल रहा बढ़िया रिस्पॉन्स
बड़े पर्दे पर गुड्डू भैया, कालीन भैया और मुन्ना भैया की वापसी ने फैंस की एक्साइटमेंट को और बढ़ा दिया है। फिल्म के कई सीन्स सोशल मीडिया पर भी चर्चा में हैं। वहीं कहानी के साथ-साथ स्टारकास्ट की परफॉर्मेंस को भी दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।
'मिर्जापुर द मूवी' का तीसरे दिन का कलेक्शन
-बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने तीसरे दिन भी मजबूत पकड़ बनाए रखी। सैकनिल की रिपोर्ट के मुताबिक 'मिर्जापुर द मूवी' ने तीसरे दिन करीब 36 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इस दौरान फिल्म की हिंदी ऑक्यूपेंसी 60.6 प्रतिशत दर्ज की गई। तीसरे दिन फिल्म के 11,344 शोज रखे गए थे।
-इससे पहले दूसरे दिन फिल्म ने करीब 32 करोड़ रुपये की कमाई की थी। वहीं तीसरे दिन की कमाई में लगभग 4 करोड़ रुपये का उछाल देखने को मिला। भारत में फिल्म का कुल कलेक्शन अब तक 93.75 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। जिस तरह से फिल्म को दर्शकों का रिस्पॉन्स मिल रहा है, उसे देखते हुए आने वाले दिनों में इसकी कमाई में और तेजी आने की उम्मीद है।
दुनियाभर में भी फिल्म ने मचाया धमाल
सिर्फ घरेलू बॉक्स ऑफिस ही नहीं बल्कि ग्लोबल लेवल पर भी 'मिर्जापुर द मूवी' अच्छा प्रदर्शन कर रही है। फिल्म का भारत में ग्रॉस कलेक्शन 112.35 करोड़ रुपये बताया गया है जबकि वर्ल्डवाइड कलेक्शन 132.35 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। रिलीज के बाद से फिल्म के कलेक्शन में लगातार मजबूती देखने को मिली है। ऐसे में माना जा रहा है कि अगर यही ट्रेंड आगे भी जारी रहा तो फिल्म आने वाले दिनों में कई बड़े बॉक्स ऑफिस आंकड़े पार कर सकती है।
बड़े पर्दे पर फिर दिखी गुड्डू, कालीन और मुन्ना की तिकड़ी
-'मिर्जापुर द मूवी' की सबसे बड़ी खासियत इसकी वही पुरानी और लोकप्रिय स्टारकास्ट है, जिसे दर्शकों ने वेब सीरीज में खूब पसंद किया था। फिल्म में एक बार फिर अली फजल गुड्डू पंडित के किरदार में, पंकज त्रिपाठी कालीन भैया के रूप में और दिव्येंदु शर्मा मुन्ना भैया के किरदार में नजर आ रहे हैं।
-इन किरदारों को बड़े पर्दे पर देखने का फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। यही वजह है कि फिल्म की रिलीज को लेकर पहले से ही जबरदस्त बज बना हुआ था। रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर भी दर्शक अपने पसंदीदा किरदारों और फिल्म के सीन्स को लेकर लगातार रिएक्शन दे रहे हैं।
फिल्म में इन सितारों की भी है अहम भूमिका
-फिल्म की बाकी स्टारकास्ट में श्वेता त्रिपाठी, रसिका दुग्गल, श्रिया पिलगांवकर और कुलभूषण खरबंदा जैसे कलाकार शामिल हैं। इसके अलावा फिल्म में कुछ नए चेहरे भी नजर आ रहे हैं, जिनमें रवि किशन, जितेंद्र कुमार और सोनल चौहान का नाम शामिल है।
-पुराने किरदारों के साथ नए कलाकारों की मौजूदगी ने फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ाई है। स्टारकास्ट की एक्टिंग को भी दर्शकों की ओर से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में 'मिर्जापुर द मूवी' बॉक्स ऑफिस पर कितनी बड़ी कमाई दर्ज करती है और क्या ये फिल्म कोई नया रिकॉर्ड बनाने में कामयाब होती है।