आजमगढ़ में शुक्रवार को शिक्षक MLC चुनाव में 74.34% वोटिंग हुई। कुल 8592 पंजीकृत शिक्षक मतदाताओं में से 6387 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 4682 पुरुष और 1705 महिला मतदाता शामिल रहीं। मतदान सुबह 8 बजे शुरू हुआ और शाम 4 बजे खत्म हुआ।

.

मतदान खत्म होने के बाद जिलाधिकारी की उपस्थिति में सभी 23 मतदान केंद्रों की पोलिंग पार्टियों ने सीलबंद मतपेटिकाओं और गोपनीय अभिलेखों को तहसील सदर स्थित अस्थायी संग्रह केंद्र में सुरक्षित जमा कराया। इसके बाद मतपेटिकाओं को मजिस्ट्रेट और पुलिस की सुरक्षा में गोरखपुर स्थित निर्धारित स्थल के लिए रवाना किया गया।

आजमगढ़ में विधान परिषद चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते डीएम रविंद्र कुमार और एसएसपी डॉक्टर अनिल।

आजमगढ़ में विधान परिषद चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते डीएम रविंद्र कुमार और एसएसपी डॉक्टर अनिल।

निर्वाचन कंट्रोल रूम से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मतदान के दौरान प्रत्येक दो घंटे पर मतदान प्रतिशत में लगातार वृद्धि दर्ज की गई। सुबह 10 बजे तक 954 मतदाताओं ने मतदान किया था, जो कुल 11.57 प्रतिशत रहा। दोपहर 12 बजे तक 2994 मतदाताओं ने वोट डाले, जिससे मतदान प्रतिशत 34.85 हो गया। दोपहर दो बजे तक 5013 मतदाताओं ने मतदान किया और प्रतिशत बढ़कर 58.34 पहुंच गया। शाम चार बजे तक 6356 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान समाप्त होने तक कुल 6387 मत पड़े और अंतिम मतदान प्रतिशत 74.34 दर्ज किया गया।

विधान परिषद चुनाव में सील बंद मत पेटिकाएं गोरखपुर रवाना, देर रात तक मौके पर डटे रहे DM रविंद्र कुमार।

विधान परिषद चुनाव में सील बंद मत पेटिकाएं गोरखपुर रवाना, देर रात तक मौके पर डटे रहे DM रविंद्र कुमार।

ऑनलाइन व्यवस्था से मतदाताओं को मिली सुविधा

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में पहली बार विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची तैयार करने से संबंधित गतिविधियों को ऑनलाइन माध्यम से संचालित किया गया। इसके लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की वेबसाइट के माध्यम से आवेदन और मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया को डिजिटल बनाया गया। इससे पहले मतदाता सूची तैयार करने का कार्य जनपद स्तर पर मैनुअल तरीके से किया जाता था।

नई व्यवस्था के तहत आवेदकों को घर बैठे ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए अर्हता तिथि एक नवंबर 2025 निर्धारित की गई थी। इसके आधार पर प्राप्त आवेदनों के निस्तारण के बाद छह जनवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई। अंतिम निर्वाचक नामावली और पूरक सूची में कुल 8592 मतदाता शामिल थे। इनमें 6044 पुरुष और 2548 महिला मतदाता थीं।

अंतिम सूची के प्रकाशन के बाद नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन से संबंधित आवेदनों का भी निस्तारण किया गया। पूरक सूचियों को ऑनलाइन उपलब्ध कराने के साथ ही मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी इसकी जानकारी दी गई।

घर बैठे मतदेय स्थल और मतदाता क्रमांक जानने की सुविधा

मतदाताओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से मतदेय स्थल और मतदाता क्रमांक की जानकारी प्राप्त करने की व्यवस्था भी की गई। इसके तहत मतदाता अपने अथवा संबंधित व्यक्ति का नाम और आवेदन फार्म में दर्ज मोबाइल नंबर भरकर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते थे।