देश के बड़े हिस्से में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पूर्वी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

​monsoon update, heavy rain

असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार बारिश का अनुमान है।

  • Published: 11 Aug 2026, 09:55 AM IST
  • Last Updated: 11 Aug 2026, 09:55 AM IST

देशभर में मानसून की चाल एक बार फिर तेज हो गई है। मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार उत्तर भारत और मध्य भारत के बड़े हिस्से में आगामी दिनों में मध्यम से भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।

पूर्वी राजस्थान और पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग इलाकों में बादलों की गड़गड़ाहट और बिजली कड़कने के साथ तेज बौछारें पड़ने का अनुमान है।

​हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बढ़ी चिंता, 15 से अधिक जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा ​पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, किन्नौर, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान कम से मध्यम दर्जे के फ्लैश फ्लड का जोखिम जताया गया है।

वहीं उत्तराखंड के अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जिलों में भी मिट्टी धंसने और निचले इलाकों में जलभराव की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को नदी-नालों से दूर रहने का परामर्श दिया है।

​राजस्थान और मध्य प्रदेश में बाढ़ जैसे हालात, अलर्ट पर दर्जनों जिले 
​राजस्थान के पूर्वी हिस्से में मानसून पूरी तरह मेहरबान है। बांसवाड़ा, बारां, भीलवाड़ा, बूंदी, झालावाड़, कोटा और प्रतापगढ़ जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान भारी से अत्यधिक भारी बारिश के साथ फ्लैश फ्लड का खतरा बना हुआ है।

दूसरी ओर पश्चिमी मध्य प्रदेश के आगर-मालवा, अशोकनगर, गुना, मंदसौर, नीमच, राजगढ़, रतलाम, श्योपुर, शिवपुरी, उज्जैन और विदिशा में भारी बारिश, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।

​पूर्वोत्तर और तटीय भारत में मौसम के तेवर, तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी 
​पूर्ववर्ती और तटीय राज्यों में भी मानसून की गतिविधियां काफी सक्रिय बनी हुई हैं। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार बारिश का अनुमान है।

वहीं, बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के गंगा मैदानी क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका जताई गई है। दक्षिण भारत के तटीय आंध्र प्रदेश और केरल में भी छिटपुट स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।