मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुंबई दौरे के दौरान उद्योग समूहों के साथ हुई बैठकों में मध्यप्रदेश में ट्रांसमिशन, टायर, टेक्निकल टेक्सटाइल, पाइप निर्माण, IT और सेमीकंडक्टर से जुड़े निवेश प्रस्ताव सामने आए। आईनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स ने गुना में ₹1,260 करोड
.
वेलस्पन समूह ने एमएस लाइन पाइप क्षेत्र में ₹150 करोड़ के निवेश पर चर्चा की, जबकि RPG समूह ने ट्रांसमिशन, टायर और IT क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं तलाशने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने गुरुवार को मुंबई के होटल द सेंट रेजिस में आयोजित ‘मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर संवाद’ कार्यक्रम में उद्योगपतियों से चर्चा की। बैठकों में प्रस्तावित परियोजनाओं के लिए जमीन, बिजली, गैस, पानी, सड़क, अनुमतियों और निवेश प्रोत्साहन से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।
गुना में ₹1,260 करोड़ का सिलेन गैस प्लांट
आईनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स ने गुना में भारत का पहला अति-उच्च शुद्धता वाला सेमीकंडक्टर-ग्रेड सिलेन गैस संयंत्र लगाने के लिए ₹1,260 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया है। परियोजना से अप्रैल 2029 से उत्पादन शुरू करने का प्रस्ताव है। कंपनी के अनुसार, इससे करीब ₹350 करोड़ के आयात प्रतिस्थापन और 320 से अधिक स्थानीय रोजगार के अवसर बन सकते हैं।
इसके अलावा सेमीकंडक्टर उद्योग में इस्तेमाल होने वाली विशेष गैसों के उत्पादन के लिए करीब ₹1,200 करोड़ के एक अन्य संभावित निवेश पर भी चर्चा हुई। इसके लिए करीब 40 एकड़ जमीन और प्राकृतिक गैस की उपलब्धता जैसे मुद्दों पर विचार किया गया।
वेलस्पन का ₹150 करोड़ पाइप निवेश
वेलस्पन समूह ने एमएस लाइन पाइप क्षेत्र में ₹150 करोड़ के निवेश पर चर्चा की। समूह ने मिल की भूमि पर टेक्निकल टेक्सटाइल पार्क विकसित करने में भी रुचि दिखाई है। पार्क में एंकर यूनिट स्थापित करने की संभावना है। इसके लिए कंपनी की टीम प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण करेगी।
बैठक में सिंटेक्स के रायसेन और देवास में चल रहे करीब ₹700 करोड़ के निवेश पर भी चर्चा हुई। सड़क, राजमार्ग तथा जल और अपशिष्ट जल प्रबंधन जैसी अधोसंरचना परियोजनाओं में वेलस्पन की भागीदारी की संभावनाएं भी सामने आईं।
RPG की ट्रांसमिशन, टायर और IT में रुचि
RPG समूह ने जबलपुर में विद्युत पारेषण क्षेत्र में निवेश की इच्छा जताई। टायर निर्माण इकाई के लिए रतलाम, सागर और जबलपुर को संभावित स्थानों के रूप में चर्चा में रखा गया।
IT क्षेत्र में समूह उज्जैन के IT बिल्ट-अप पार्क की प्लग-एंड-प्ले सुविधाओं का इस्तेमाल करने की संभावनाएं तलाशेगा। समूह की टीम संभावित स्थलों का दौरा कर निवेश की व्यवहारिकता का आकलन करेगी।
जमीन-बिजली से लेकर गैस तक सुविधा पर जोर
बैठकों में मुख्यमंत्री ने निवेशकों को आवश्यक भूमि, समयबद्ध अनुमतियां और एकल-खिड़की व्यवस्था के जरिए सहयोग उपलब्ध कराने पर चर्चा की। औद्योगिक इकाइयों के लिए बिजली, पानी, प्राकृतिक गैस और सड़क जैसी आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर भी जोर दिया गया।
बैठकों में प्रस्तावित निवेशों को लेकर संबंधित सुविधाओं और अनुमतियों पर चर्चा हुई। इनमें सेमीकंडक्टर, ट्रांसमिशन, पाइप, टेक्निकल टेक्सटाइल, टायर और IT क्षेत्र से जुड़े प्रस्ताव शामिल हैं।