Narmadapuram News: मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में स्थित एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में नाबालिग छात्रा से गैंगरेप का मामला सामने आया है. पुलिस ने कार्यवाही करते हुए एक स्थानीय जिप्सी चालक और होटल में काम करने वाले दो युवकों को हिरासत में लिया है. आरोपियों पर पीड़िता के दोस्त को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम देने का आरोप है. जानकारी के मुताबिक पीड़िता पचमढ़ी में पढ़ाई करती है.
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता से 19 अगस्त की दोपहर करीब 2 बजे उसका एक स्कूल फ्रेंड उससे मिलने पचमढ़ी आया था. बस स्टैंड पर उसकी मुलाकात जिप्सी ड्राइवर हरिओम से हुई. उस समय हरिओम के साथ पवन बंसल और अभिषेक वंशकार भी मौजूद थे. इसके बाद सभी हरिओम की जिप्सी से घूमने निकले. आरोपी उन्हें दक्षिण स्काउट गाइड के पास स्थित जंगल में ले गए. वहां दोनों को डराया-धमकाया और विरोध करने पर छात्रा के दोस्त को जिप्सी से बांध दिया. इसके बाद छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. वारदात के बाद दोनों को वापस बस स्टैंड पर छोड़ दिया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी.
बहन के पूछने पर पीड़िता ने बताया आपबीती
घटना के बाद डरी हुई पीड़िता घर लौट आई और स्कूल जाना बंद कर दिया. बड़ी बहन ने स्कूल न जाने का कारण पूछा तो पीड़िता ने उसे पूरी घटना बताई. इसके बाद रविवार रात वह परिजन के साथ पचमढ़ी थाने पहुंची. मामले की गंभीरता को देखते हुए पिपरिया से महिला सब-इंस्पेक्टर (SI) मोनिका सिंह पचमढ़ी पहुंचीं और पीड़िता के बयान दर्ज किए. पुलिस ने हरिओम, पवन बंसल और अभिषेक वंशकार के खिलाफ मामला दर्ज किया.
तीनों आरोपी गिरफ्तार
एडिशनल एसपी अभिषेक राजन ने बताया कि पचमढ़ी में एक नाबालिक के साथ दुष्कर्म का घटना सामने आया है. 19 तारीख का घटनाक्रम है, जो पीड़िता है अपने परिचित के साथबनखेड़ी वापस घर लौट रही थी. इसी बीच उसके परिचित का एक मित्र अन्य दो मित्रों के साथ आया और पीड़िता और उसके मित्र को सुनसान जगह पर ले गए और डरा धमका कर वहां पीड़िता के साथ इन लोगों द्वारा गलत कृत्य किया गया. 23 तारीख को पीड़िता के द्वारा संपूर्ण घटनाक्रम की रिपोर्ट पचमढ़ी थाने में की गई. इसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीमें एक्टिव हुई.
रिपोर्ट करने के 6 घंटे के अंतराल में ही तीनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया गया है. तीनों आरोपियों ने जो भी उनके द्वारा क्राइम किया गया है उसको एक्सेप्ट कर लिया है. उनको न्यायालय प्रस्तुत किया जा रहा है. आरोपी मूल रूप से बनखेड़ी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और इनके द्वारा मजदूरी और छोटे-मोटे काम किए जाते है.
रिपोर्ट- इन्द्रपाल सिंह कैरो/नर्मदापुरम

आशू मोहम्मद
राजनीति से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी, नई चीजों को पढ़ने और सीखने की ललख, पाठकों के सामने सरल भाषा व शब्दों में देश दुनिया से जुड़ी खबरों को परोसने का काम टीवी9 के साथ जारी है. वहीं अगर इससे पहले की बात की जाए तो कानपुर में जन्मे आशू मोहम्मद ने साइंस से ग्रेजुएशन करने के बाद कानपुर यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर, टीवी9 भारतवर्ष से 2022 में करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में करीब एक साल का अनुभव, अभी तक यह सिलसिला टीवी9 भारतवर्ष के साथ जारी है. डिजिटल मीडिया की दुनिया में लिखने-पढ़ने, साथ ही 'न्यू मीडिया' की बारीकियों और चुनौतियों को समझने की कोशिश जारी है.
Read More