Tikamgarh News: मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित चौपाल में एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया. यहां एक युवक नौकरी, सड़क या राशन की मांग लेकर नहीं, बल्कि अपनी शादी कराने की गुहार लेकर कलेक्टर के पास पहुंच गया. 22 साल के शिवम राय ने कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय से कहा, साहब, मेरी शादी करवा दीजिए. युवक का आरोप है कि मोहल्ले के कुछ लोग उसकी शादी में रोड़ा बन रहे हैं और लड़की वालों को उसके बारे में गलत बातें बताकर वापस लौटा देते हैं. अब युवक की इस अनोखी फरियाद को लेकर इलाके में चर्चा तेज हो गई है.
दरअसल, पूरा मामला टीकमगढ़ जिले के कुण्डेश्वर गांव का है. यहां रहने वाले 22 साल के शिवम राय ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित चौपाल में कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय को आवेदन सौंपकर अपनी शादी कराने की गुहार लगाई. शिवम का कहना है कि उसकी शादी के लिए लड़की वाले आते तो हैं, लेकिन घर तक पहुंचने से पहले ही वापस लौट जाते हैं.
मोहल्ले के लोगों पर लगाए आरोप
शिवम राय का आरोप है कि मोहल्ले के कुछ लोग लड़की वालों को उसके बारे में उल्टी-सीधी बातें बताते हैं, जिससे वे भ्रमित होकर बिना परिवार से मिले ही लौट जाते हैं. युवक के मुताबिक, इस तरह की घटनाएं कई बार हो चुकी हैं. शादी की कोशिशों में बार-बार बाधा आने से परेशान होकर उसने अब जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है.
युवक ने कलेक्टर से की शिकायत
युवक की इस अनोखी फरियाद के सामने आने के बाद सवाल उठ रहा है कि क्या जिला प्रशासन उसकी समस्या का कोई समाधान निकाल पाएगा? हालांकि, मोहल्ले के लोगों पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है. फिलहाल, शिवम की मांग ने चौपाल में मौजूद लोगों का ध्यान जरूर खींचा है.
आमतौर पर जनसुनवाई में लोग सड़क, पानी, बिजली और रोजगार जैसी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं, लेकिन टीकमगढ़ में एक युवक ने अपनी शादी को लेकर प्रशासन से गुहार लगाई है. अब देखना होगा कि युवक की शिकायत पर प्रशासन क्या कदम उठाता है और उसके आरोपों की जांच में क्या सामने आता है.

पवन बिदुआ
पवन बिदुआ की पत्रकारिता की यात्रा वर्ष 2018 में छतरपुर के वी न्यूज़ केबल नेटवर्क से शुरू हुई. इसके बाद पवन ने इंडिया न्यूज़ नेशनल और एमपी–सीजी में जिला ब्यूरो के रूप में लगातार जिम्मेदारियां निभाईं. कोविड काल की संवेदनशील और जोखिमपूर्ण रिपोर्टिंग को जमीनी स्तर पर कवर किया. शिक्षा के रूप में पवन बिदुआ ने डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय से BJMC और पं. मोतीलाल नेहरू विधि महाविद्यालय से LLB पूरी की है.
Read More