MP Board Exam 2027: मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिम) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 (MP Board Exam 2027) की कक्षा 10वीं (MP Board 10th Exam) और 12वीं (MP Board 12th Exam) की बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्नपत्र का पैटर्न बदल दिया है। नए नियमों के तहत दो अंकों के अति लघुउत्तरीय प्रश्नों में आंतरिक विकल्प नहीं मिलेगा। यानी छात्रों को इन प्रश्नों में अपनी पसंद का दूसरा सवाल चुनने की सुविधा नहीं होगी। बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होने वाली हैं। इनमें 18 लाख से अधिक विद्यार्थियों के शामिल होने की संभावना है।
2 नंबर के सवालों में नहीं मिलेगा विकल्प
बोर्ड (MP Board Exam 2027) के नए निर्देशों के अनुसार, मुख्य विषयों के पेपरों में दो अंकों के अति लघुउत्तरीय प्रश्नों के लिए आंतरिक विकल्प समाप्त कर दिया गया है। पहले विद्यार्थी किसी प्रश्न का उत्तर नहीं आने पर उसके विकल्प में दिए गए दूसरे सवाल को चुन सकते थे। अब उन्हें निर्धारित प्रश्नों के उत्तर देने होंगे।
इस बदलाव के बाद विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के सभी महत्वपूर्ण अध्यायों की तैयारी पर ध्यान देना होगा। केवल चुनिंदा प्रश्नों की तैयारी करने से परीक्षा में परेशानी हो सकती है।
ये भी पढ़ें: Viral Ramlila Video: लक्ष्मण के सामने शूर्पणखा ने गाया गाना, रामलीला का VIDEO देख नहीं रुकेगी हंसी
3 और 4 नंबर के प्रश्नों में विकल्प रहेंगे
बोर्ड ने तीन अंकों के लघुउत्तरीय और चार अंकों के दीर्घउत्तरीय प्रश्नों में आंतरिक विकल्प की सुविधा बरकरार रखी है। इन प्रश्नों में विद्यार्थी पहले की तरह उपलब्ध विकल्पों में से अपनी तैयारी के अनुसार सवाल चुन सकेंगे।
इस तरह प्रश्नपत्र के सभी हिस्सों में विकल्प खत्म नहीं किए गए हैं। बदलाव मुख्य विषयों के दो अंकों वाले अति लघुउत्तरीय प्रश्नों तक सीमित है।
NSQF विषयों में मिलेगी विकल्प की सुविधा
राष्ट्रीय कौशल योग्यता रूपरेखा (NSQF) के अंतर्गत आने वाले विषयों के प्रश्नपत्रों में अलग व्यवस्था रहेगी। इनमें पांच अंकों के दीर्घउत्तरीय और सात अंकों के निबंधात्मक प्रश्नों में आंतरिक विकल्प दिए जाएंगे।
ये बदलाव सत्र 2026-27 की बोर्ड परीक्षाओं से लागू होंगे। इसलिए विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी नए पैटर्न के अनुसार करनी होगी। (MP Board Exam 2027)
ये भी पढ़ें: Tiger Shroff Firing: मुंबई के जुहू में फायरिंग से हड़कंप, टाइगर श्रॉफ सुरक्षित; लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी !
ब्लू प्रिंट और सैंपल पेपर का इंतजार
बदले हुए परीक्षा पैटर्न (MP Board Exam 2027) के बीच विद्यार्थियों को मध्य प्रदेश बोर्ड के नए ब्लू प्रिंट और सैंपल पेपर जारी होने का इंतजार है। इनके माध्यम से विषयवार अंक-वितरण, प्रश्नों के प्रकार और प्रश्नपत्र की संरचना समझने में मदद मिलेगी।
वहीं, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) 10वीं और 12वीं के सैंपल पेपर जारी कर चुका है। अब एमपी बोर्ड के विद्यार्थी भी मॉडल प्रश्नपत्रों का इंतजार कर रहे हैं, ताकि नए पैटर्न के अनुसार अपनी तैयारी को बेहतर तरीके से कर सकें।
ये भी पढ़ें: CG Bhilai Steel Plant: छत्तीसगढ़ का भिलाई स्टील प्लांट बेचने की खबरें झूठी, मैनेजमेंट ने किया खंडन