Aug 13, 2026 09:55 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

MP Board Exam Date Sheet 2027: MPBSE ने एमपी बोर्ड परीक्षा के लिए 10वीं और 12वीं की परीक्षा 2027 की डेटशीट जारी कर दी है।

mp board class 10 12 date sheet 2027 mpbse exam timetable

बोर्ड की परीक्षा देकर लौड़तीं छात्राएं

MP Board Exam Date Sheet 2027: मध्य प्रदेश के लाखों छात्रों का यह इंतजार अब खत्म हो गया है। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) ने साल 2027 की हाईस्कूल यानी कक्षा 10वीं और हायर सेकेंडरी यानी कक्षा 12वीं की मुख्य परीक्षाओं का पूरा टाइम टेबल जारी कर दिया है। इसके साथ साथ बोर्ड ने जून में होने वाली सप्लीमेंट्री यानी दूसरी परीक्षा का शेड्यूल भी सामने रख दिया है, ताकि छात्र समय रहते अपनी तैयारी का खाका खींच सकें। बोर्ड की तरफ से जारी जानकारी के मुताबिक कक्षा 12वीं की मुख्य परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होकर 19 मार्च 2027 तक चलेंगी। वहीं कक्षा 10वीं के छात्रों की परीक्षाएं 24 फरवरी से शुरू होंगी और 18 मार्च 2027 को खत्म होंगी।

परीक्षा के दिन कैसा रहेगा शेड्यूल?

दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक एक ही पाली में आयोजित होंगी। लेकिन असली मशक्कत परीक्षा शुरू होने से पहले ही शुरू हो जाती है। छात्रों को सेंटर पर सुबह 8 बजे तक पहुंचना अनिवार्य होगा, जबकि 8:30 बजे तक अपनी तय सीट पर बैठना होगा। जो छात्र 8:45 बजे के बाद पहुंचेंगे, उन्हें अंदर घुसने ही नहीं दिया जाएगा, यानी देरी की कोई गुंजाइश नहीं। प्रश्न पत्र सुबह 8:45 बजे बांटा जाएगा और उत्तर पुस्तिका 8:55 बजे दी जाएगी, जिसके बाद ठीक 9 बजे से परीक्षा शुरू हो जाएगी।

12वीं की डेटशीट पर एक नजर

कक्षा 12वीं की परीक्षा की शुरुआत जैव प्रौद्योगिकी, गायन वादन और तबला पखावज जैसे विषयों से होगी। इसके बाद 23 फरवरी को हिंदी, 26 फरवरी को अंग्रेजी और 16 मार्च को गणित की परीक्षा होगी। भौतिकी और अर्थशास्त्र सहित कई विषयों का पेपर 4 मार्च को है, जबकि रसायन विज्ञान, इतिहास और बिजनेस स्टडीज जैसे विषय 13 मार्च को रखे गए हैं। जीव विज्ञान 8 मार्च को और राजनीति विज्ञान 11 मार्च को होगा। परीक्षा का समापन 19 मार्च को भूगोल सहित अन्य विषयों के साथ होगा।

12वीं की परीक्षाओं का पूरा शेड्यूल

  • 17 फरवरी - जैव प्रौद्योगिकी, गायन वादन, तबला पखावज
  • 18 फरवरी - उर्दू, मराठी
  • 20 फरवरी - संस्कृत
  • 22 फरवरी - एनएसक्यूएफ विषय, शारीरिक शिक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस
  • 23 फरवरी - हिंदी
  • 24 फरवरी - ड्राइंग एंड डिजाइनिंग
  • 25 फरवरी - मनोविज्ञान
  • 26 फरवरी - अंग्रेजी
  • 1 मार्च - इंफॉर्मेटिक प्रैक्टिस
  • 3 मार्च - समाजशास्त्र
  • 4 मार्च - भौतिकी, अर्थशास्त्र सहित अन्य विषय
  • 8 मार्च - जीव विज्ञान
  • 11 मार्च - राजनीति विज्ञान
  • 13 मार्च - रसायन विज्ञान, इतिहास, बिजनेस स्टडीज सहित अन्य विषय
  • 16 मार्च - गणित
  • 17 मार्च - कृषि, गृह विज्ञान, अकाउंटेंसी
  • 19 मार्च - भूगोल सहित अन्य विषय

10वीं की डेटशीट में क्या खास?

कक्षा 10वीं की परीक्षा 24 फरवरी को मराठी, गुजराती, पंजाबी, सिंधी, पेंटिंग और कंप्यूटर जैसे विषयों से शुरू होगी। इसके बाद 2 मार्च को हिंदी, 5 मार्च को गणित (स्टैंडर्ड और बेसिक दोनों), 9 मार्च को अंग्रेजी और 12 मार्च को संस्कृत की परीक्षा होगी। विज्ञान का पेपर 15 मार्च को और सामाजिक विज्ञान का पेपर 18 मार्च को होगा, जो 10वीं की परीक्षा का आखिरी दिन भी है।

10वीं की परीक्षाओं का पूरा शेड्यूल

  • 24 फरवरी- मराठी, गुजराती, पंजाबी, सिंधी, पेंटिंग, गायन वादन, तबला पखावज, कंप्यूटर
  • 25 फरवरी- एनएसक्यूएफ विषय, एआई
  • 27 फरवरी- उर्दू
  • 2 मार्च - हिंदी
  • 5 मार्च - गणित स्टैंडर्ड और बेसिक
  • 9 मार्च - अंग्रेजी
  • 12 मार्च - संस्कृत
  • 15 मार्च - विज्ञान
  • 18 मार्च - सामाजिक विज्ञान

दूसरी यानी सप्लीमेंट्री परीक्षा कब?

जो छात्र किसी कारणवश मुख्य परीक्षा में शामिल नहीं हो पाते या बेहतर स्कोर की उम्मीद रखते हैं, उनके लिए बोर्ड ने जून 2027 में दूसरे मौके का भी इंतजाम किया है। कक्षा 12वीं की सप्लीमेंट्री परीक्षा 11 जून से 30 जून 2027 तक होगी, जबकि कक्षा 10वीं की परीक्षा 15 जून से 30 जून 2027 के बीच आयोजित की जाएगी।

प्रैक्टिकल एग्जाम का क्या शेड्यूल है?

नियमित छात्रों के प्रैक्टिकल एग्जाम उन्हीं के स्कूल में होंगे, जबकि निजी छात्रों को इसके लिए तय किए गए अलग केंद्रों पर जाना होगा। मुख्य परीक्षा से जुड़े प्रैक्टिकल 1 फरवरी से 19 मार्च 2027 के बीच होंगे, वहीं जून की सप्लीमेंट्री परीक्षा के प्रैक्टिकल 11 जून से 30 जून 2027 तक चलेंगे। सटीक तारीख और समय जानने के लिए छात्रों को अपने स्कूल प्राचार्य या केंद्र अधीक्षक से संपर्क करना चाहिए।

छात्रों के लिए जरूरी निर्देश

बोर्ड ने साफ कर दिया है कि परीक्षा के दौरान अगर किसी दिन स्थानीय या सार्वजनिक अवकाश घोषित हो जाता है, तब भी परीक्षा की तारीख नहीं बदली जाएगी और तय टाइम टेबल के मुताबिक ही एग्जाम होगा। हालांकि जरूरत पड़ने पर बोर्ड परीक्षा की तारीख या समय में बदलाव कर सकता है, और ऐसी स्थिति में छात्रों को उचित माध्यमों से सूचित किया जाएगा। दिव्यांग छात्रों के लिए भी नियमानुसार विशेष सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। सलाह यही है कि छात्र अभी से टाइम टेबल को सामने रखकर पढ़ाई का शेड्यूल बना लें, ताकि आखिरी वक्त की भागदौड़ से बचा जा सके।

लेखक के बारे में

Himanshu Tiwari

शॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।

परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।

लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।

शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।

रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।

विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव

और पढ़ें