मध्यप्रदेश में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कॉलेज एडमिशन का एक और अंतिम अवसर दिया गया है। UG और PG पाठ्यक्रमों में 10 से 14 अगस्त तक अतिरिक्त CLC चरण चलेगा। खाली सीटों पर 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर प्रवेश मिलेगा।
कॉलेज एडमिशन का आखिरी मौका, 10 से 14 अगस्त तक अतिरिक्त CLC चरण
- Published: 10 Aug 2026, 10:21 AM IST
- Last Updated: 10 Aug 2026, 10:21 AM IST
भोपाल: मध्यप्रदेश में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कॉलेज में एडमिशन से वंचित विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा विभाग ने एक और मौका दिया है। UG और PG पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 10 से 14 अगस्त 2026 तक अतिरिक्त कॉलेज लेवल काउंसलिंग (CLC) चरण आयोजित किया जा रहा है। इसमें प्रवेश केवल उपलब्ध रिक्त सीटों पर 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर मिलेगा। यह प्रवेश प्रक्रिया उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार के निर्देश पर आयोजित की जा रही है। इसमें शासकीय, अनुदान प्राप्त अशासकीय और अशासकीय महाविद्यालयों की खाली सीटों पर विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।
14 अगस्त शाम 5 बजे तक मिलेगा मौका
अतिरिक्त CLC चरण में विद्यार्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। 14 अगस्त को शाम 5 बजे के बाद प्राप्त प्रवेश मान्य नहीं होंगे। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल के माध्यम से संचालित की जाएगी।
— Higher Education Department, MP (@highereduminmp) August 9, 2026
पंजीकृत विद्यार्थी जिस कॉलेज में प्रवेश लेना चाहते हैं, वहां सीट उपलब्ध होने पर सीधे कॉलेज पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। संबंधित कॉलेज के हेल्प सेंटर पर जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन होने के बाद उसी दिन प्रवेश शुल्क जमा कर एडमिशन लिया जा सकेगा।
नए छात्रों के लिए सिर्फ एक कॉलेज का विकल्प
अतिरिक्त CLC चरण में नए पंजीकृत विद्यार्थियों के लिए केवल एक महाविद्यालय का विकल्प उपलब्ध रहेगा। रिक्त सीटों की जानकारी छात्र के लॉगिन के साथ-साथ संबंधित कॉलेज के लॉगिन पर भी दिखाई जाएगी।
प्रवेश लेने से पहले छात्र संबंधित कॉलेज में उपलब्ध सीट की जानकारी जरूर जांच लें। किसी तरह की समस्या होने पर कॉलेज के हेल्प सेंटर से संपर्क किया जा सकता है।
अब तक 5.24 लाख विद्यार्थियों को मिला प्रवेश
उच्च शिक्षा विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 31 जुलाई 2026 तक प्रदेश के 2,001 महाविद्यालयों में 7 लाख 51 हजार 123 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया था। इनमें 6 लाख 60 हजार 981 विद्यार्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन हुआ और 5 लाख 24 हजार 48 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जा चुका है।
UG स्तर पर 4 लाख 58 हजार 792 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया। इनमें 4 लाख 13 हजार 963 के दस्तावेज सत्यापित हुए और 3 लाख 60 हजार 902 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया।
PG स्तर पर 1 लाख 66 हजार 402 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया, जिसमें 1 लाख 43 हजार 533 के दस्तावेज सत्यापित हुए और 1 लाख 14 हजार 802 विद्यार्थियों को प्रवेश मिला।
NCTE पाठ्यक्रमों में 1 लाख 25 हजार 929 पंजीयन हुए। इनमें 1 लाख 3 हजार 485 विद्यार्थियों के दस्तावेज सत्यापित किए गए और 48 हजार 344 विद्यार्थियों को प्रवेश मिला।
इस अतिरिक्त CLC चरण को कॉलेज में प्रवेश से वंचित विद्यार्थियों के लिए अंतिम अवसर माना जा रहा है।