ग्वालियर के टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन (TMZ) ने मुंबई राउंड टेबल में ₹1,550 करोड़ के आशाजनक निवेश प्रस्ताव आकर्षित किए, जिनमें 10,000 से अधिक नौकरियां पैदा करने और एक समर्पित, विश्व स्तरीय टेलीकॉम इकोसिस्टम के माध्यम से मध्य प्रदेश के औद्योगिक विकास को गति देने की क्षमता है।

By Oneindia Staff

Time Published: Tuesday, August 4, 2026, 22:01 [IST]

मध्यप्रदेश सरकार के प्रयासों से ग्वालियर में विकसित किए जा रहे टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन (TMZ) को निवेशकों का सकारात्मक प्रतिसाद मिला है। मुंबई में आयोजित इन्वेस्टर राउंड टेबल मीटिंग में विभिन्न कंपनियों ने कुल 1,550 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव दिए। राज्य सरकार का कहना है कि इन निवेशों से प्रदेश में रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।

Gwalior TMZ attracts Rs 1,550 crore

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि उद्योग-अनुकूल नीतियों, पारदर्शी प्रशासन और निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल के कारण मध्यप्रदेश में लगातार निवेश बढ़ रहा है। उन्होंने उद्योग जगत से प्रदेश में निवेश कर औद्योगिक विकास की यात्रा का सहभागी बनने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इससे पहले दिल्ली में आयोजित पहली राउंड टेबल बैठक में लगभग 3,500 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे, जिससे करीब 12 हजार रोजगार के अवसर बनने की संभावना है। उन्होंने कहा कि विभिन्न शहरों में आयोजित रोड-शो के माध्यम से मध्यप्रदेश निवेशकों को आकर्षित कर रहा है।

ग्वालियर बनेगा विश्वस्तरीय टेलीकॉम हब

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्वालियर का टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन दूरसंचार उद्योग के लिए आधुनिक अधोसंरचना, बेहतर सप्लाई चेन और वैश्विक स्तर की विनिर्माण सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। इससे निवेश के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

केंद्रीय संचार मंत्री ने गिनाईं दूरसंचार क्षेत्र की उपलब्धियां

केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि पिछले वर्षों में भारत के दूरसंचार क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन हुए हैं। उन्होंने बताया कि देश में 5जी सेवाओं का तेजी से विस्तार हुआ है और भारत अब वैश्विक स्तर पर दूरसंचार विनिर्माण क्षमता बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर का TMZ इस क्षेत्र के लिए आवश्यक इकोसिस्टम उपलब्ध कराएगा।

देश का पहला समर्पित टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन

दूरसंचार विभाग के सचिव अमित अग्रवाल ने कहा कि ग्वालियर का टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन देश का पहला समर्पित टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन है। उनके अनुसार, केंद्र और राज्य सरकार की साझेदारी से विकसित हो रही यह परियोजना आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को गति देने के साथ निवेश, नवाचार और रोजगार को बढ़ावा देगी।

निवेशकों के लिए विशेष प्रोत्साहन

अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई ने बताया कि TMZ के पहले चरण के लिए 170 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई गई है और दूसरे चरण में इसके विस्तार की योजना है। निवेशकों को रियायती दर पर भूमि, बिजली, पानी, पूंजी अनुदान, वेतन सहायता, प्रशिक्षण सहायता और अन्य प्रोत्साहन उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि परियोजना के माध्यम से 10 हजार से अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना है।

किन कंपनियों ने दिए निवेश प्रस्ताव

मुंबई बैठक में कई कंपनियों ने निवेश में रुचि दिखाई। प्रमुख प्रस्ताव इस प्रकार हैं:

* एमवी इलेक्ट्रोसिस्टम्स – 700 करोड़ रुपये (1,500 रोजगार) * अनंत सिस्टम्स – 400 करोड़ रुपये (500 रोजगार) * स्टरलाइट टेक्नोलॉजीज़ लिमिटेड – 200 करोड़ रुपये (1,200 रोजगार) * वीएनटी – 150 करोड़ रुपये * टेसकॉम – 100 करोड़ रुपये (400 रोजगार)

Read more about: