मध्य प्रदेश सितंबर 2026 में लाड़ली बहना योजना की 40वीं मासिक किस्त जारी करेगा, जो 1.25 करोड़ से अधिक योग्य महिलाओं के लिए कुल 1,835 करोड़ रुपये होगी। यह योजना अब हर महीने 1,500 रुपये प्रदान करती है, जिसमें सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत लाभार्थियों के लिए अतिरिक्त सहायता और आगर मालवा में विकास परियोजनाओं के साथ-साथ मुफ्त शिक्षा का प्रावधान भी शामिल है।

By Oneindia Staff

Time Published: Saturday, September 12, 2026, 19:31 [IST]

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 सितंबर को आगर मालवा से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की सितंबर माह की 40वीं किस्त का अंतरण करेंगे। इस दौरान प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार 150 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में कुल 1,835 करोड़ 09 लाख 22 हजार 450 रुपये की मासिक आर्थिक सहायता सीधे ट्रांसफर की जाएगी। सितंबर की किस्त के अंतरण के बाद योजना की शुरुआत से अब तक महिलाओं को नियमित मासिक सहायता के रूप में अंतरित राशि 65,395.99 करोड़ रुपये हो जाएगी।

MP CM to transfer 40th Ladli Bahna installment

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में हुई थी। उस समय पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती थी। अक्टूबर 2023 से सहायता राशि में 250 रुपये की बढ़ोतरी कर इसे 1,250 रुपये प्रतिमाह किया गया। इसके बाद नवंबर 2025 से एक बार फिर 250 रुपये की वृद्धि की गई और वर्तमान में पात्र महिला हितग्राहियों को 1,500 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता मिल रही है। योजना के प्रावधानों के अनुसार, ऐसी पात्र लाभार्थी महिलाओं को भी इसका लाभ दिया जा रहा है, जिन्हें सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत हर महीने 900 रुपये मिल रहे हैं। इस व्यवस्था में उन्हें निर्धारित अंतर की राशि उपलब्ध कराई जा रही है।

सितंबर में जारी होगी 40वीं नियमित किस्त

जून 2023 से अगस्त 2026 तक लाड़ली बहना योजना के तहत 39 नियमित मासिक किस्तों का भुगतान किया जा चुका है। अब सितंबर 2026 में 40वीं किस्त अंतरित की जाएगी। इसके अलावा रक्षाबंधन के अवसर पर अगस्त 2023, अगस्त 2024, अगस्त 2025 और अगस्त 2026 में लाभार्थी महिलाओं को 250 रुपये की विशेष आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई है।

महिलाओं के खातों में पहुंची ₹63,560 करोड़ से अधिक की राशि

योजना के तहत जून 2023 से अगस्त 2026 तक महिलाओं के बैंक खातों में 63,560.90 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की जा चुकी है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में सितंबर 2026 तक योजना के अंतर्गत 11,300 करोड़ रुपये व्यय होने का अनुमान है। वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत 23,882.81 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है।

आगर मालवा में विकास कार्यों की भी सौगात

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त के अंतरण के साथ आगर मालवा में विभिन्न विकास कार्यों का भी शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री 225.95 करोड़ रुपये की लागत के 33 विकास कार्यों का भूमि-पूजन और 28.14 करोड़ रुपये की लागत के 17 कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इन विकास कार्यों के साथ आगर मालवा जिले को विकास से जुड़ी नई सौगात मिलने की उम्मीद है।

Read more about: