भोपाल के रवींद्र भवन में पुलिस भर्ती और पदोन्नति के लिए आभार प्रदर्शन समारोह आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 27,534 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रमोशन मिलने की जानकारी दी और नए चयनित पुलिसकर्मियों को नियुक्ति पत्र बांटे।

MP Police

27,534 पुलिसकर्मियों को प्रमोशन

  • Published: 11 Aug 2026, 09:35 AM IST
  • Last Updated: 11 Aug 2026, 09:35 AM IST

भोपाल: मध्य प्रदेश पुलिस के अधिकारी और कर्मचारियों के लिए सोमवार का दिन खास रहा। भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित ‘आभार प्रदर्शन समारोह’ में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिसकर्मियों को पदोन्नति और नई भर्ती के लिए बधाई दी। मुख्यमंत्री ने पदोन्नत अधिकारियों-कर्मचारियों को बैज लगाए और नए चयनित पुलिसकर्मियों को नियुक्ति पत्र भी बांटे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस की खाकी वर्दी प्रदेश की साढ़े आठ करोड़ जनता के भरोसे और सुरक्षा का प्रतीक है। पुलिसकर्मी आग, पानी और आंधी जैसी परिस्थितियों में भी अपनी ड्यूटी निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस अपना कर्तव्य पूरी ईमानदारी से निभाए, सरकार उनके परिवार के लिए अपने दायित्व पूरे करेगी।

cm

58 संवर्गों में 27,534 को मिला प्रमोशन
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग के 58 संवर्गों में रिकॉर्ड 27,534 अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि पदोन्नति प्रक्रिया पूरी होने में समय लगने के कारण करीब 20 हजार पुलिसकर्मी सेवानिवृत्त हो गए।

mo

उन्होंने बताया कि 30 रक्षित निरीक्षकों को उप पुलिस अधीक्षक (DSP) के पद पर पदोन्नति मिली है। लंबे समय से प्रमोशन का इंतजार कर रहे पुलिसकर्मियों को इसका लाभ मिलने से विभाग में उत्साह बढ़ा है।

दो साल में भर्ती प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2023 से अब तक विभिन्न संवर्गों में 14,704 से अधिक अभ्यर्थियों का चयन किया जा चुका है। वर्ष 2026 में विभिन्न पदों पर 9,751 पुलिसकर्मियों की भर्ती को मंजूरी दी गई है। सरकार का लक्ष्य अगले दो वर्षों में आरक्षक और सब इंस्पेक्टर के बाकी पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया पूरी करना है।

d

पुलिस भर्ती बोर्ड द्वारा पूरी पारदर्शिता के साथ भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही। पुलिस बैंड और FSL में भर्ती प्रक्रिया भी जारी है।

खंडवा में नई बटालियन, बैगा-भारिया-सहरिया को मौका
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि खंडवा जिले में नई पुलिस बटालियन स्थापित की जाएगी। इसके अलावा राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल के तहत तीन नई बटालियन बनाई जाएंगी। इनमें बैगा, भारिया और सहरिया सहित अति पिछड़े वर्गों की कंपनियां शामिल की जाएंगी।

नक्सलवाद से लेकर सिंहस्थ तक पुलिस की तैयारी
DGP कैलाश मकवाना ने कहा कि हॉक फोर्स में 325 पद और विशेष सहयोगी दस्ते में 882 पदों पर भर्ती की गई है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश को नक्सलवाद से मुक्त कराने में पुलिस की हॉक फोर्स की अहम भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में पुलिस विभाग में 18 हजार से अधिक नई नियुक्तियां हुई हैं। प्रशिक्षित पुलिस बल को सिंहस्थ 2028 में भी तैनात किया जाएगा। नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन में FSL की भूमिका को देखते हुए वहां भी नई भर्ती को मंजूरी दी गई है।

कार्यक्रम में पदोन्नत पुलिस अधिकारियों और नए चयनित कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। अधिकारियों ने कहा कि प्रमोशन से न केवल पद और जिम्मेदारी बढ़ी है, बल्कि लंबे समय से इंतजार कर रहे पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों का मनोबल भी बढ़ा है।