MP Weather: मध्य प्रदेश में अब तक 74% बारिश हो चुकी है। सितंबर में सामान्य बारिश का आंकड़ा पार होने की संभावना है। 4 दिन भारी बारिश का अलर्ट।
MP Weather Alert
- Published: 01 Sep 2026, 08:40 AM IST
- Last Updated: 01 Sep 2026, 08:40 AM IST
मध्य प्रदेश में मानसून की बारिश का दौर एक बार फिर तेज होने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दाब क्षेत्र और ट्रफ के असर से प्रदेश के कई जिलों में अगले चार दिनों तक बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, 1 से 4 सितंबर तक जबलपुर, रीवा, शहडोल, सागर, भोपाल, नर्मदापुरम, उज्जैन और ग्वालियर-चंबल संभाग में बारिश का असर देखने को मिलेगा।
इस मानसून सीजन में प्रदेश में अब तक करीब 27.7 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य बारिश का लगभग 74 फीसदी है। अकेले अगस्त में करीब 12 इंच पानी बरसा है। अब सामान्य बारिश का आंकड़ा पार करने के लिए सितंबर में करीब 9.6 इंच बारिश की जरूरत है। अगले कुछ दिनों में बारिश का दौर जारी रहने से आंकड़े में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
1 सितंबर को इन जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने मंगलवार को उमरिया और बालाघाट में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, कटनी, मैहर, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, जबलपुर, मंडला, सिवनी और छिंदवाड़ा में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
वहीं भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, सागर, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
मैहर में 1 सितंबर को भी स्कूल बंद
लगातार बारिश और नदी-नालों के उफान को देखते हुए मैहर जिले में 1 सितंबर को सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है। कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने सोमवार देर रात इस संबंध में आदेश जारी किया।
पूर्वी MP से पश्चिमी हिस्से की ओर बढ़ेगा बारिश का सिस्टम
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 1 और 2 सितंबर को प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में तेज बारिश का दौर रहने की संभावना है। इसके बाद बारिश का सिस्टम धीरे-धीरे पश्चिमी हिस्सों की ओर बढ़ेगा।
3 सितंबर को भोपाल और ग्वालियर संभाग में भारी बारिश की चेतावनी है। वहीं 4 सितंबर को उज्जैन, भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर और चंबल संभाग के कई जिलों में तेज बारिश हो सकती है।
इस दौरान निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी की स्थिति बन सकती है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग के अलर्ट पर नजर रखने और जरूरी होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।